बीएसए अमित कुमार सिंह के निरीक्षण में दो विद्यालयों में शिक्षक और शिक्षामित्र अनुपस्थित, छात्र संख्या भी मिली बेहद कम
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता से लेकर साफ-सफाई और शौचालय की व्यवस्था तक में मिली खामियां, सुधार के लिए संबंधित शिक्षकों को दिए निर्देश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बुधवार, 4 नवंबर 2026 को विकासखंड वजीरगंज के दो परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में शिक्षकों और शिक्षामित्रों की अनुपस्थिति के साथ ही छात्र संख्या बेहद कम मिली। वहीं, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और शौचालय की व्यवस्था में भी कमियां सामने आईं।
निरीक्षण के क्रम में दोपहर 12:30 बजे कम्पोजिट विद्यालय पूरे लक्ष्मण का जायजा लिया गया। यहां दो सहायक अध्यापक और एक शिक्षामित्र अनुपस्थित पाए गए। विद्यालय में छात्र संख्या अत्यंत न्यून मिली। इसके अलावा मध्यान्ह भोजन गुणवत्तापूर्ण बनता हुआ नहीं पाया गया। परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी और शौचालय गंदा पाया गया। बीएसए ने इन कमियों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अध्यापकों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।
इसके बाद प्राथमिक विद्यालय चंदापुर वजीरगंज का निरीक्षण किया गया। यहां एक शिक्षामित्र अनुपस्थित पाई गईं, जबकि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निरीक्षण तिथि को अवकाश पर थीं। विद्यालय में छात्र संख्या अत्यंत कम मिली। परिसर की साफ-सफाई ठीक नहीं पाई गई और रंगाई-पुताई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने संबंधित शिक्षकों को विद्यालयों में शैक्षिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, छात्र संख्या बढ़ाने तथा स्वच्छता और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।