बदहाल हैं आयुष्मान आरोग्य मंदिर की सेवाएं, जड़ा रहता है ताला

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
लाखों की लागत से बना आयुष्मान आरोग्य मंदिर बदहाल, केंद्र पर लटकता रहता है ताला
एएनएम और सीएचओ की मनमानी से ग्रामीणों को नहीं मिल रही स्वास्थ्य सुविधाएं, परिसर में उगी झाड़ियां और घास-फूस
शिवपूजन पांडे, वजीरगंज

Gonda News
वजीरगंज (गोण्डा)। ग्रामीणों को गांव में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार ने लाखों रुपये की लागत से आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण कराया, लेकिन जिम्मेदार कर्मचारियों की कथित लापरवाही के चलते यह केंद्र खुद बीमार नजर आ रहा है। सीएचसी वजीरगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत माथेपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर नियुक्त एएनएम और सीएचओ की नियमित उपस्थिति नहीं होने से ग्रामीणों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र के एएनएम और सीएचओ कक्षों में अक्सर ताला लटका रहता है। ऐसे में स्वास्थ्य सुविधा की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ता है।
ग्राम प्रधान अजय सिंह समेत ग्रामीणों ने कई बार आरोग्य मंदिर को नियमित रूप से संचालित कराने की मांग की, लेकिन अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ। नियमानुसार सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक संचालित होने वाले इस केंद्र पर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कर्मचारी नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित हों तो छोटी-मोटी बीमारियों के उपचार और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए उन्हें दूर नहीं जाना पड़े।
परिसर में उगी झाड़ियां, सफाई और बाउंड्रीवाल भी नदारद
आरोग्य मंदिर की बदहाली सिर्फ बंद कमरों तक सीमित नहीं है। केंद्र के मुख्य द्वार से लेकर आसपास तक घास-फूस और झाड़ियां उगी हुई हैं। परिसर की स्थिति देखकर लंबे समय से साफ-सफाई नहीं होने का अंदाजा लगाया जा सकता है। वहीं, केंद्र की बाउंड्रीवाल का निर्माण भी नहीं कराया गया है। स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बनाए गए इस भवन और परिसर की देखरेख पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
केंद्र बंद तो कहां जा रहीं आवंटित दवाइयां?
आरोग्य मंदिर के नियमित रूप से संचालित नहीं होने से दवाइयों के रखरखाव और वितरण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का सवाल है कि जब केंद्र पर ताला लटका रहता है तो यहां के लिए आवंटित दवाइयों का वितरण कैसे हो रहा है? क्या दवाइयां जरूरतमंद मरीजों तक पहुंच रही हैं या रखे-रखे उनकी वैधता समाप्त हो रही है? ग्रामीणों ने दवाइयों के स्टॉक और वितरण की भी जांच कराने की मांग की है।
औचक निरीक्षण कर होगी कार्रवाई*
इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशुतोष शुक्ला ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर को निर्धारित समय पर खोलकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश हैं। यदि केंद्र नहीं खोला जा रहा है तो उसका औचक निरीक्षण कराया जाएगा। लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
9 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *