बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी कांग्रेस

गोंडा
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी कांग्रेस, पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा देशभर में चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत गोंडा पहुंचे केंद्रीय एवं प्रदेश पर्यवेक्षकों ने जिला कांग्रेस कार्यालय पर प्रेस वार्ता के बाद जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पर्यवेक्षकों ने एक-एक कार्यकर्ता से मुलाकात कर संगठन की मौजूदा स्थिति, गतिविधियों और जमीनी स्तर की चुनौतियों को लेकर उनकी राय भी जानी।
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में संगठन सृजन अभियान की शुरुआत 11 अगस्त से की है। अभियान के तहत संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए एक केंद्रीय पर्यवेक्षक तथा तीन प्रदेश पर्यवेक्षकों को जिलेवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में गोंडा जिले के लिए गुजरात कांग्रेस के मानसिंह डोडिया को केंद्रीय पर्यवेक्षक तथा पूर्व विधायक धीरेंद्र सिंह धीरू, पूर्व प्रदेश पदाधिकारी चंद्र प्रकाश और राहुल त्रिपाठी को प्रदेश पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
जिला कांग्रेस कार्यालय पर जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पर्यवेक्षकों ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक प्रभावी, सक्रिय और मजबूत बनाना है। उन्होंने जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों सहित विभिन्न पदाधिकारियों के साथ संगठन की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की और आवश्यकता के अनुरूप नई जिम्मेदारियां सौंपे जाने के संकेत दिए।
एक-एक कार्यकर्ता से मिले पर्यवेक्षक
बैठक के बाद पर्यवेक्षकों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 1-टू-1 संवाद किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से वर्तमान नेतृत्व, संगठन की गतिविधियों, क्षेत्र में कांग्रेस की सक्रियता तथा बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी और सुझाव लिए गए। कार्यकर्ताओं की राय को अभियान की आगामी रणनीति के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
पर्यवेक्षकों ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए केवल कागजी ढांचे को पर्याप्त नहीं माना जाएगा, बल्कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने और उन्हें जिम्मेदारी देने पर विशेष जोर रहेगा। इसके लिए जमीनी स्तर पर संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा।
चार ब्लॉकों में आज से जमीनी पड़ताल
बैठक के दौरान पर्यवेक्षकों ने बताया कि 13 अगस्त से विभिन्न ब्लॉकों में पहुंचकर संगठन की वास्तविक स्थिति का धरातलीय अवलोकन किया जाएगा। इसी क्रम में वजीरगंज, नवाबगंज, बेलसर और परसपुर ब्लॉक में जाकर कांग्रेस संगठन की स्थिति, बूथ स्तर पर सक्रियता और कार्यकर्ताओं की भागीदारी का जायजा लिया जाएगा।
इस दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद कर संगठन को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव लिए जाएंगे। पर्यवेक्षकों का यह दौरा संगठन सृजन अभियान के अगले चरण की रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्र, शहर अध्यक्ष शाहिद अली कुरैशी, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता बृजेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी शिव कुमार दुबे, अरुण सिंह डिंपल, मान सिंह, रघुपति त्रिपाठी, पूर्व प्रत्याशी तववाज खान, राम कश्यप, प्रदुमन शुक्ला, सगीर खान, सुभाष पांडे, अरविंद शुक्ला, बासदेव शुक्ला, अवधेश दूबे, अब्दुल रहमान, राजेश सिंह, अब्दुल सलाम, सुरेश गौतम, इरशाद खान, संतोष सिंह, अनिल कुमार, जैनुल आबदीन खान, अनीस नाना, राम सिंह, वेद प्रकाश सिंह, राकेश सिंह, हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, राज बहादुर सिंह, अब्दुल मुजीब, अब्दुल्ला, पंचम राम, मुन्नीलाल, संत बक्स मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

c

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *