पढ़ाई छोड़ झाड़ू लगाने को मजबूर शिक्षक, सफाईकर्मी नदारद
एडीओ पंचायत का बयान चर्चा में, कहा कि प्रधानाध्यापक को भी करनी चाहिए साफ-सफाई
शिवपूजन पांडे, वजीरगंज
Gonda News
वजीरगंज। शिक्षा विभाग की अनदेखी और विद्यालयों में सफाईकर्मियों की कथित अनियमित उपस्थिति के चलते शिक्षकों को पढ़ाई के साथ साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी निभानी पड़ रही है। ग्राम पंचायत खोखिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक मदन गोपाल और सहायक अध्यापिका पूजा वर्मा को प्रतिदिन बच्चों के आने से पहले झाड़ू लगाकर कक्षाओं और परिसर की सफाई करनी पड़ती है। शिक्षकों के अनुसार, सफाईकर्मियों के नियमित रूप से विद्यालय नहीं पहुंचने के कारण उन्हें मजबूरी में यह काम करना पड़ रहा है। इससे शिक्षण कार्य प्रभावित होने की आशंका है।
विद्यालयों में शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है, लेकिन सफाईकर्मियों की अनुपस्थिति से उनका समय साफ-सफाई में भी खर्च हो रहा है। स्थिति यह है कि कुछ विद्यालयों में शिक्षक स्वयं सफाई नहीं कर पाते तो निजी मजदूरों को पैसे देकर सफाई करानी पड़ती है। ऐसे में शिक्षकों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी के साथ आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है।
शिकायत के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण तिवारी ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए खंड विकास अधिकारी अभिषेक मणि त्रिपाठी को पत्र जारी किया जा चुका है। इसमें सफाईकर्मियों की विद्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई विद्यालयों में सफाईकर्मियों के नहीं पहुंचने की शिकायत सामने आ रही है। इससे सवाल उठ रहा है कि जब नियमित सफाई के निर्देश जारी किए जा चुके हैं तो उनका पालन क्यों नहीं हो रहा है।
एडीओ पंचायत के बयान से बनी विवाद की स्थिति
मामले में एडीओ पंचायत सतीश तिवारी का बयान भी चर्चा में है। उन्होंने कहा, “अपने मन से कोई भी झाड़ू लगा सकता है। प्रधानाध्यापक को झाड़ू लगाने के लिए नहीं कहा गया है। उन्हें भी झाड़ू लगाकर साफ-सफाई करनी चाहिए।”
एडीओ पंचायत के इस बयान के बाद विद्यालयों में सफाई व्यवस्था और शिक्षकों की भूमिका को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह है कि जब विद्यालयों में सफाईकर्मी तैनात हैं और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं, तो शिक्षकों को सफाई की जिम्मेदारी क्यों उठानी पड़ रही है? शिक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरी है कि विद्यालयों में साफ-सफाई की जिम्मेदारी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निभाई जाए, ताकि शिक्षकों का अधिकतम समय पढ़ाई में लग सके।