उद्यान विभाग की योजनाओं में अनुदान के लिए आवेदन जमा करने की प्रक्रिया शुरू
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर केला, पपीता, आम, स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट और मचान खेती के लाभार्थियों को मिलेगा मौका
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। उद्यान विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को अनुदान का लाभ दिलाने के लिए पंजीकृत आवेदनों को जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग ने किसानों से अपने पंजीकृत आवेदन आवश्यक बिल-बाउचर के साथ जल्द से जल्द कार्यालय में जमा कराने की अपील की है। योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार लाभार्थियों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के क्रम में किया जाएगा।
जिला उद्यान अधिकारी रश्मि शर्मा ने बताया कि एकीकृत बागवानी मिशन और सीएमएसएचएम के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रमों के लिए लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। इनमें केला, पपीता, आम, स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट की खेती के साथ मचान के माध्यम से खेती सहित अन्य उद्यानिकी कार्यक्रम शामिल हैं। इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों के पंजीकृत आवेदन विभाग को प्राप्त हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने संबंधित योजनाओं के लिए पंजीकरण कराया है, वे अपने आवेदन से संबंधित बिल-बाउचर समेत सभी आवश्यक अभिलेख कार्यालय में जमा करा दें। आवेदन जमा होने के बाद विभागीय स्तर पर अभिलेखों और दावों की जांच की जाएगी। जांच में पात्र पाए जाने वाले आवेदनों को नियमानुसार अनुदान की प्रक्रिया के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।
विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे आवेदन जमा करने में देरी न करें। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष आवेदन पहले आओ, पहले पाओ के क्रम में लिए जाएंगे। ऐसे में पात्र किसान आगामी कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक जिला उद्यान विभाग कार्यालय में अपने दस्तावेज जमा कर सकते हैं।
जिला उद्यान अधिकारी ने कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपने आवेदन और बिल-बाउचर समय से जमा कराने को कहा, ताकि दस्तावेजों की जांच पूरी कर अनुदान संबंधी कार्रवाई समय पर की जा सके।
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996