तुर्काडीहा बाजार बाबा कुट्टी में 50 घंटों से बिजली गुल
शिवपूजन पांडे, वजीरगंज

Gonda News
गोंडा। वजीरगंज क्षेत्र के मनकापुर विद्युत उपकेंद्र से होने वाली बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। मामूली तेज हवा और लगातार बारिश के कारण पिछले 50 घंटे से इलाके की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। कई गांवों में बिजली गुल होने से हजारों की आबादी अंधेरे में है। बिजली न होने से लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई है। वे बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। दो दिनों की लगातार बारिश और तेज हवाओं ने बिजली विभाग के ढांचे को नुकसान पहुंचाया है। मनकापुर उपकेंद्र के बिजली के खंभे और तार हवा का दबाव झेल नहीं पाए। इससे तुर्काडीहा बाजार बाबाकुट्टी, नियामतपुर, चौखट, भिटिया, बनकटवा समेत दो दर्जन से ज्यादा इलाकों की बिजली गुल हो गई है। हजारों की आबादी अंधेरे में डूबी हुई है। बिजली न होने से तुर्काडीहा बाबाकुट्टी कस्बे और आसपास के गांवों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मोबाइल फोन बंद होने लगे हैं। कई जगहों पर लोग एक जनरेटर से कई एक्सटेंशन बोर्ड जोड़कर अपने फोन चार्ज कर रहे हैं। मनकापुर के एसडीओ विकास यादव ने बताया कि बिजली के तारों पर कई जगह पेड़ की डाल गिर गई है। बिजली आपूर्ति में आई इस दिक्कत को दूर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आपूर्ति शुरू होने में अभी और समय लगेगा।