गोंडा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 128 पदों पर भर्ती, महिलाओं से मांगे ऑनलाइन आवेदन, 2 अक्टूबर को रात बारह बजे तक किए जा सकेंगे आवेदन
17 परियोजनाओं में रिक्त पदों पर होगी सीधी भर्ती, इंटरमीडिएट उत्तीर्ण महिलाओं को मिलेगा मौका
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार ने कहा किसी भी दशा में नहीं बढ़ेगी आवेदन की अंतिम तिथि, पारदर्शी तरीके से होगा चयन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार जनपद की 17 बाल विकास परियोजनाओं में कुल 128 रिक्त पदों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सीधी भर्ती की जाएगी। इसके लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से विभागीय भर्ती पोर्टल upanganwadibharti.in पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने भर्ती की अधिसूचना जारी करते हुए पात्रों से भर्ती के लिए आवेदन करने की अपील की है।
विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक वजीरगंज परियोजना में आठ, तरबगंज में 11, रुपईडीह में 16, परसपुर में नौ, पण्डरी कृपाल में चार, नवाबगंज में सात, मुजेहना में नौ, मनकापुर में सात, कटरा बाजार में छह, झंझरी में तीन, इटियाथोक में नौ, हलधरमऊ में पांच, शहर परियोजना में चार, करनैलगंज में चार, छपिया में पांच, बेलसर में छह तथा बभनजोत परियोजना में 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के पद रिक्त हैं।
भर्ती के लिए केवल महिला अभ्यर्थी ही पात्र होंगी और ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट अथवा उसके समकक्ष निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी का संबंधित रिक्त पद वाले ग्राम पंचायत अथवा वार्ड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। आयु की गणना एक जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा अधिकतम आयु 35 वर्ष होनी चाहिए।
विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि ग्राम सभा अथवा वार्ड की विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को वरीयता दी जाएगी। विधवा अभ्यर्थियों के लिए संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी अथवा नगर निकाय द्वारा जारी मृत्यु प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर की प्रमाणित प्रति मान्य होगी। तलाकशुदा अथवा परित्यक्ता के संबंध में सक्षम न्यायालय के विधिक आदेश मान्य होंगे।
आय प्रमाण पत्र के संबंध में शासनादेश के प्रावधान लागू होंगे। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गरीबी रेखा के लिए निर्धारित आय सीमा के अनुसार प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया शासनादेश और निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी।
इन परियोजनाओं में रिक्त हैं इतने पद होगी भर्ती
वजीरगंज-8, तरबगंज-11, रुपईडीह-16, परसपुर-9, पण्डरी कृपाल-4, नवाबगंज-7, मुजेहना-9, मनकापुर-7, कटरा बाजार-6, झंझरी-3, इटियाथोक-9, हलधरमऊ-5, शहर-4, करनैलगंज-4, छपिया-5, बेलसर-6 और बभनजोत-15। इस तरह कुल 128 पदों पर भर्ती होगी।