बाल विकास विभाग ने आयोजित किया नारी शक्ति वन्दन कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश गोंडा
गोंडा में ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ का आयोजन, महिला सशक्तिकरण पर जोर
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोंडा। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को जिला पंचायत सभागार में ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार ने की। इस अवसर पर जिले भर से आई सीडीपीओ, मुख्यसेविकाएं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के निर्देश पर किया गया। सम्मेलन का सीधा प्रसारण नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन से किया गया, जिसमें देशभर की महिलाओं को जोड़ते हुए प्रधानमंत्री के संबोधन को लाइव सुना गया।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज और देश का समग्र विकास संभव नहीं है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना सभी का दायित्व है। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं को जागरूक कर योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित महिलाओं को महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया।

8 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *