छात्रहित सर्वोपरि, समयबद्ध कक्षाओं और त्वरित समस्या समाधान पर जोर
नियंता परिषद की पहली बैठक में प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने दिए निर्देश, छात्र सहायता बोर्ड लगाने की घोषणा
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए नवगठित नियंता परिषद की पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में महाविद्यालय की शैक्षिक एवं अनुशासन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ ही छात्र-छात्राओं की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने नियंता परिषद के नवनियुक्त मुख्य नियंता प्रो. संदीप कुमार श्रीवास्तव एवं उपमुख्य नियंता प्रो. अरविंद कुमार शर्मा सहित परिषद के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनका स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने सभी सदस्यों को पटका पहनाकर सम्मानित किया।
प्रभारी प्राचार्य ने कहा कि महाविद्यालय में छात्रहित सर्वोपरि है। छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की समस्या के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े, इसके लिए नियंता परिषद को सक्रिय एवं जवाबदेह भूमिका निभानी होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यार्थियों की समस्याओं का यथासंभव त्वरित समाधान किया जाए और महाविद्यालय की शैक्षिक एवं अनुशासन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में सभी कक्षाएं निर्धारित समय पर संचालित हों तथा शिक्षक भी समय से अपनी कक्षाओं में पहुंचकर शिक्षण कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमित कक्षाओं और बेहतर अनुशासन से ही विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
कॉलेज में लगे गा छात्र सहायता बोर्ड, मिलेगी जरूरी जानकारी
प्रो. जितेंद्र सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शीघ्र ही नियंता परिषद कार्यालय के सामने छात्र सहायता बोर्ड लगाया जाएगा। इस बोर्ड पर छात्रवृत्ति, टीसी, पुस्तकों एवं अंकतालिका आदि से संबंधित कार्य देखने वाले कर्मचारियों के नाम और उनके फोन नंबर अंकित किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को संबंधित कार्य के लिए सीधे जिम्मेदार कर्मचारी से संपर्क करने में सुविधा होगी और उन्हें इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
बैठक में मुख्य नियंता प्रो. संदीप कुमार श्रीवास्तव, उपमुख्य नियंता प्रो. अरविंद कुमार शर्मा के साथ डॉ. रेखा शर्मा, डॉ. संतोष श्रीवास्तव, मनीष मोदनवाल, विवेक प्रताप सिंह, डॉ. वंदना भारतीय, डॉ. माला सिंह, डॉ. रामित पटेल, डॉ. ममता शुक्ला, डॉ. अरुण प्रताप सिंह, डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, डॉ. हरीश कुमार शुक्ला, डॉ. घनश्याम द्विवेदी एवं डॉ. अमित कुमार शुक्ला सहित नियंता परिषद के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रो. राज बहादुर सिंह बघेल, डॉ. ओम प्रकाश यादव, विजय सिंह, कृष्ण मोहन त्रिपाठी, ड्रिंकल यादव, सुमित कुमार तिवारी, आनंद कुमार चतुर्वेदी, अमित द्विवेदी, अर्जुन चौबे, मेरा युवा भारत के समन्वयक विनय श्रीवास्तव, कुंवर रामायण सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षकों ने भी नवगठित नियंता परिषद के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।