शिक्षक नेता पवन कुमार सिंह के नेतृत्व वाला शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल सहायक शिक्षा निदेशक से मिला उठाई पटल सहायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग
एडी बेसिक को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि तय की जाए जवाबदेही
बाबू के पटल स्थानांतरित करने की मांग पर एडी ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
शिक्षक नेताओं ने लगाया आरोप कि महानिदेशक के निर्देशों के बावजूद की जाती है देरी
प्रतिनिधिमंडल बोला कि सामूहिक सूची जारी नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा। शिक्षकों के चयन वेतनमान स्वीकृत करने में कथित तौर पर महीनों तक अनावश्यक विलंब किए जाने से नाराज उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने प्रांतीय संयुक्त मंत्री पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक, देवीपाटन मंडल गोण्डा रामसागर पति त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपकर चयन वेतनमान का कार्य देख रहे पटल सहायक की जवाबदेही तय करने तथा पटल किसी अन्य कर्मचारी को स्थानांतरित करने की मांग की है।
संगठन के प्रांतीय संयुक्त मंत्री पवन कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि चयन वेतनमान से संबंधित प्रकरणों को जानबूझकर लंबे समय तक लंबित रखा जा रहा है। शिक्षकों की ओर से लगातार दबाव बनाए जाने के बाद कई मामलों को बिना डिजिटल हस्ताक्षर के ही अपलोड कर दिया जाता है। इसके बाद भी प्रक्रिया पूरी होने में महीनों लग जाते हैं। इस स्थिति के कारण पात्र शिक्षकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चयन वेतनमान का लाभ समय से नहीं मिलने के कारण शिक्षकों को मिलने वाले आर्थिक लाभ में देरी होती है। वहीं, एरियर के भुगतान के लिए लंबी प्रतीक्षा सूची होने के चलते अवशेष धनराशि प्राप्त करने में भी पांच से छह महीने तक का समय लग जाता है। इससे शिक्षकों में विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ रही है। शिक्षक संगठन का कहना है कि महानिदेशक स्तर से चयन वेतनमान एवं प्रोन्नत वेतनमान के प्रकरणों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद चयन वेतनमान के मामलों में बार-बार विलंब किया जाना विभागीय निर्देशों की अनदेखी को दर्शाता है। संगठन ने मांग की कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए और विलंब के लिए जिम्मेदारी तय की जाए।
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से चयन वेतनमान का पटल देख रहे कर्मचारी की जवाबदेही तय करने और पटल किसी अन्य कर्मचारी को सौंपने की मांग उठाई। शिक्षक संगठन के अनुसार, सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक रामसागर पति त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित पटल सहायक से स्पष्टीकरण जारी किया है। संगठन ने इसे अपनी मांग पर प्रारंभिक कार्रवाई बताया है। संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि केवल स्पष्टीकरण जारी होने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। यदि मंडल स्तर पर पात्र शिक्षकों की सामूहिक चयन वेतनमान सूची शीघ्र जारी नहीं की गई और लंबित प्रकरणों का निस्तारण नहीं हुआ तो संगठन व्यापक आंदोलन की रणनीति तैयार करेगा। पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों को उनके नियमानुसार मिलने वाले आर्थिक लाभ के लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान मंडल मंत्री मोहित प्रकाश सिंह, मंडल कोषाध्यक्ष सुधाकर सिंह, जिला मंत्री अनिल कुमार सिंह, ब्लॉक उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी, अनूप कुमार तिवारी, गौरव सिंह, सतीश चौधरी, रोहित श्रीवास्तव और राम सेवक समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।