दवा कारोबारियों से संवाद, राजस्व बढ़ाने पर बैठक में रहा जोर
राज्य कर विभाग ने समय से रिटर्न दाखिल करने और कर जमा करने के दिए निर्देश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। राज्य कर विभाग की ओर से सोमवार को राज्य कर भवन गोण्डा में मेडिसिन एवं फार्मा कारोबारियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राज्य कर, गोण्डा सम्भाग के.एम. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में दवा कारोबार से अपेक्षित राजस्व प्राप्त न होने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई।
संवाद कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने मेडिसिन कारोबारियों द्वारा की जा रही इनवर्ड एवं आउटवर्ड सप्लाई की स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने कहा कि दवा कारोबार से अपेक्षित राजस्व प्राप्त करने के लिए करदाताओं को अपने कारोबार से संबंधित रिटर्न निर्धारित अवधि में दाखिल करने के साथ ही देय कर भी समय से जमा करना चाहिए।
बैठक में मेडिसिन क्षेत्र से राजस्व प्राप्तियों में वृद्धि के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने कारोबारियों से कर संबंधी दायित्वों का समयबद्ध ढंग से पालन करने की अपील की। इस पर उपस्थित व्यापारियों ने विभाग को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में उपायुक्त राज्य कर के.के. तिवारी, महेन्द्र प्रताप सिंह यादव, आर.एस. यादव तथा सहायक आयुक्त सत्य प्रकाश गौड़ और वेद प्रकाश शुक्ला समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। व्यापारियों की ओर से सत्यनाथ प्रजापति, दिनेश कुमार श्रीवास्तव, मनोज कैशवार, नितिन गोयल, नवनीत सिंघल, दिवाकर दूबे, अश्वनी कुमार सिंह, राकेश कुमार तिवारी और अवधेश चतुर्वेदी ने प्रतिभाग किया।