सड़क सुरक्षा पर छात्राओं ने पोस्टरों में उकेरे जागरूकता के संदेश
पोस्टर प्रतियोगित में हेलमेट, सीट बेल्ट से लेकर यातायात नियमों के पालन तक दिए महत्वपूर्ण संदेश
प्रतियोगिता में छात्रा तहसीन अंसारी प्रथम, हिमांशी वर्मा द्वितीय
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा। सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज में महाविद्यालय के रोड सेफ्टी क्लब के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों तथा सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति जागरूकता विकसित करना और इसके संदेश को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाना रहा। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक सोच और कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने रंगों और चित्रों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों तथा उनसे बचाव के उपायों को बेहद आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। किसी पोस्टर में ‘हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें’ का संदेश नजर आया तो किसी में सीट बेल्ट के महत्व को रेखांकित किया गया। छात्राओं ने यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों को अपने पोस्टरों में स्थान दिया।
पोस्टरों के माध्यम से छात्राओं ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि थोड़ी सी सावधानी और यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करके सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने सड़क पर पैदल चलने वालों की सुरक्षा, दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट के प्रयोग और वाहन चलाते समय एकाग्रता बनाए रखने जैसे विषयों को भी रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। छात्राओं की कलात्मक अभिव्यक्ति के साथ-साथ पोस्टरों में दिखाई गई सामाजिक जागरूकता ने प्रतियोगिता को खास बना दिया।
कार्यक्रम का आयोजन अंग्रेजी विभाग की प्रवक्ता डॉ. मोनिका श्रीवास्तव द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं के पोस्टरों का मूल्यांकन उनकी विषयवस्तु, रचनात्मकता, संदेश की प्रभावशीलता तथा प्रस्तुतीकरण के आधार पर किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में तहसीन अंसारी ने प्रथम स्थान, हिमांशी वर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सुम्मैया एवं श्रेया ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। काशिश को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रतियोगिता सम्पन्न होने के पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव एवं व्यवस्थापिका डॉ. आनंदिता के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित हुआ। महाविद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। छात्राओं से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
महाविद्यालय की ओर से कहा गया कि युवाओं में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना दुर्घटनाओं पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। छात्राएं अपने घर और समाज में जागरूकता की मजबूत कड़ी बन सकती हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से उनमें जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित होने के साथ-साथ रचनात्मक प्रतिभा को भी मंच मिलता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. हरप्रीत कौर, डॉ. अमिता श्रीवास्तव, डॉ. नीतू सिंह, डॉ. आशु त्रिपाठी, डॉ. रश्मि द्विवेदी, डॉ. साधना गुप्ता, डॉ. विमला, डॉ. कुमकुम सिंह, हिमांशी मिश्रा, सुवेन्दु वर्मा, मोनिका श्रीवास्तव एवं समता धनकानी सहित अन्य का विशेष योगदान रहा। आयोजन में छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता से रोड सेफ्टी क्लब का यह जागरूकता अभियान प्रभावी और संदेशपरक रहा।