एलबीएस डिग्री कॉलेज में बीएससी-बायो की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण फिर शुरू
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता*

Gonda News
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में वर्तमान शैक्षिक सत्र में बीएससी-बायो ग्रुप की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया पुनः शुरू कर दी गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों को शीघ्र पंजीकरण कराने की सलाह दी है। रिक्त सीटों पर प्रवेश ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा।
प्रवेश समिति के संयोजक प्रो. संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिन छात्र-छात्राओं ने अभी तक बीएससी-बायो में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण नहीं कराया है, वे तत्काल अपना पंजीकरण करा लें। पंजीकरण के बाद उपलब्ध सीटों के आधार पर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि सीटों की संख्या सीमित है, इसलिए इच्छुक अभ्यर्थी विलंब न करते हुए समय रहते पंजीकरण एवं प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल दोबारा खोला गया है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन पंजीकरण कराकर उपलब्ध सीट के अनुसार अपना प्रवेश सुनिश्चित कर सकते हैं।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार स्नातक प्रथम सेमेस्टर की रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पहले से जारी है। बीएससी-बायो ग्रुप में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे सीटें समाप्त होने से पहले पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर लें।