अनुसूचित आयोग की सदस्य से अकड़कर बोला एडीओ पंचायत, नहीं दूँगा कोई अपडेट क्या कर लेंगी

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा गोरखपुर दिल्ली प्रमुख सुर्खियाँ बलरामपुर बहराइच बाराबंकी बिहार बैंगलोर ब्रेकिंग न्यूज़ मुंबई लखनऊ
आयोग की सदस्या से अभद्रता के आरोप में एडीओ पंचायत पर लटकी कार्रवाई की तलवार
मुंडेरवा कला की पेयजल समस्या की जांच के बीच बढ़ा विवाद, डीएम-सीडीओ के निर्देश पर डीपीआरओ ने उप निदेशक पंचायत से किया जांच कर कार्रवाई करने का अनुरोध
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। विकासखंड पंडरी कृपाल की ग्राम पंचायत मुंडेरवा कला में अनुसूचित जाति एवं जनजाति बस्तियों की पेयजल और जलनिकासी की समस्या दूर करने के लिए हुई एक बैठक चर्चा का विषय बन गई है। अनुसूचित जाति आयोग की सदस्या अनीता गौतम के साथ कथित अभद्र व्यवहार के आरोप में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भूदेव सिंह पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है।
मिली जानकारी के अनुसार आयोग की सदस्य अनीता गौतम ने अपने पत्र संख्या-121, दिनांक 8 जुलाई 2026 के माध्यम से ग्राम पंचायत मुंडेरा कला की अनुसूचित जाति एवं जनजाति बस्तियों में लंबे समय से बनी पेयजल, जलभराव और अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए बैठक आयोजित करने का अनुरोध किया था। इसके बाद जनपद स्तर पर संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक आयोजित हुई, जिसमें सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) पंडरी कृपाल, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) छपिया सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में बस्तियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही बरसात के दौरान होने वाले जलभराव और गंदे पानी की निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। संबंधित अधिकारियों से बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की रिपोर्ट भी मांगी गई है।
इसी बीच प्रकरण ने नया मोड़ तब ले लिया, जब अनुसूचित जाति आयोग की सदस्या अनीता गौतम ने भौतिक सत्यापन के बाद कार्यों की प्रगति जानने के लिए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भूदेव सिंह से संपर्क किया। आरोप है कि कई बार फोन करने के बाद भी उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। बाद में बातचीत होने पर उन्होंने आयोग की सदस्या से अभद्र व्यावहार अपनाते हुए कहा कि “मेरा क्या बिगाड़ लेंगी आप।” इस कथित व्यवहार से आहत होकर अनीता गौतम ने पूरे प्रकरण की शिकायत जिलाधिकारी को भेजी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के स्तर से जिला पंचायत राज अधिकारी गोवर्धन जैन को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अनुपालन में जिला पंचायत राज अधिकारी ने उप निदेशक (पंचायत), देवीपाटन मंडल, गोंडा को पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा भेजे गए पत्र में मुंडेरा कला की अनुसूचित जाति एवं जनजाति बस्तियों में पेयजल एवं जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने पर भी बल दिया गया है। साथ ही संबंधित सहायक विकास अधिकारियों से बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। जहां एक ओर ग्राम पंचायत की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं आयोग की सदस्या के साथ कथित अभद्रता के आरोपों की जांच पूरी होने के बाद सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भूदेव सिंह के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संभावना भी प्रबल मानी जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
9 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *