टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा की मांग तेज

उत्तर प्रदेश गोंडा
टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा की मांग तेज, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने सांसद को सौंपा ज्ञापन
प्रदीप मिश्रा, चीफ रिपोर्टर

Gonda News

गोंडा। टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त किए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, उत्तर प्रदेश, जिला गोंडा ने सांसद संपर्क अभियान के तहत गोंडा के सांसद एवं विदेश, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। महासंघ ने मांग की कि इस महत्वपूर्ण विषय को संसद के आगामी मानसून सत्र में प्रमुखता से उठाया जाए, ताकि लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।

महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर वर्ष 2010 तथा उत्तर प्रदेश में 27 जुलाई 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों की नियुक्तियां उस समय लागू नियमों एवं वैधानिक प्रक्रियाओं के अनुरूप हुई थीं। ऐसे में वर्षों से नियमित रूप से सेवाएं दे रहे शिक्षकों की सेवा सुरक्षा पर किसी प्रकार का संकट उत्पन्न होना न्यायोचित नहीं माना जा सकता।

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के प्रतिनिधि को इस विषय की पृष्ठभूमि से अवगत कराते हुए कहा कि टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को वर्तमान में किसी प्रकार की अनिश्चितता का सामना न करना पड़े, इसके लिए केंद्र एवं राज्य स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। साथ ही संसद के आगामी मानसून सत्र में इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाकर शिक्षकों को राहत दिलाने का अनुरोध किया गया।

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त सभी शिक्षकों का चयन तत्कालीन नियमों और विधिक प्रावधानों के अनुरूप हुआ था। वर्षों तक शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों की सेवा सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लगना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ शिक्षकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से निरंतर संघर्ष करता रहेगा।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में मंडलीय महामंत्री गजाधर सिंह, कार्यकारी जिलाध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, संगठन मंत्री हंसराज वर्मा, कोषाध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव, संयुक्त महामंत्री आनंद प्रताप सिंह, संयुक्त मंत्री भास्कर दुबे, कटरा ब्लॉक अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, बेलसर ब्लॉक मंत्री मनोज कुमार शुक्ला, पड़री कृपाल ब्लॉक मंत्री राकेश कुमार शुक्ला, कटरा ब्लॉक उपाध्यक्ष मो. अहमद, परसपुर ब्लॉक मीडिया प्रभारी शारदा प्रसाद शर्मा, वजीरगंज के शिवार्चन सिंह, लोकेंद्र सिंह, जितेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

 

7 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *