तरबगंज एसडीएम ने दिया जांच के निर्देश, खाली होगा अतिक्रमण
भू-माफियाओं की दबंगई चारागाह भूमि पर अवैध तरीके से बनाई करीब पचीस दुकानें,
शिवपूजन पांडे, वजीरगंज।

Gonda News
तहसील तरबगंज क्षेत्र विकासखंड के ग्राम पंचायत बभनी में करीब बारह बीघा से अधिक चारागाह की भूमि पर भू-माफियाओं ने अतिक्रमण कर पक्का मकान बना लिया है। इसके बावजूद जिम्मेदार मौन हैं। चारागाह की बेशकीमती भूमि में क्षेत्र का एक दबंग प्रवृति का युवक अधिकांश दुकान खुद कब्जा कर निर्माण करा लिया और दुकान को किराए पर देकर हर छठवें माह किरायेदारों से रंगदारी वसूलता है। जो किराएदार पैसा देने में असमर्थता जताता है उसकी दुकान में भू-माफिया ताला लगा देता है। इस बेशकीमती सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर किए गए अवैध निर्माण ध्वस्त कराने की मांग की गई है। मामला वजीरगंज-झिलाही मार्ग स्थित जमालपुर चौराहे का है। ठीक चौराहे पर स्थित चारागाह की बेशकीमती भूमि पर भू-माफियाओं ने अवैध निर्माण कर अपना व्यवसाय चला रहे हैं। इस चौराहे पर पचीस से अधिक दुकानें अवैधानिक रूप से बनाई गई हैं, लेकिन भू-माफियाओं के आगे कानूनगो, लेखपाल समेत अन्य अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हुए हैं। इस संबंध में ग्राम प्रधान वृजराज सिंह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। हालांकि ग्राम प्रधान पर भी भू-माफियाओं से मिलीभगत का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। पंचायत क्षेत्र के आमजनों का कहना है कि चरागाह भूमि को बचाने और उन्नत बनाने के लिए जिनकी जिम्मेदारी है, वही अतिक्रमियों को संरक्षण दे रहे हैं। इस कारण अतिक्रमियों के हौसले बुलंद हैं। अतिक्रमियों ने चरागाह भूमि को हथियाने के लिए कहीं पक्की बाउंड्रवॉल, कहीं पक्की दुकानें तो कहीं मकान तक बना लिए हैं। ग्राम पंचायत में चरागाह भूमि पर अतिक्रमण को लेकर रिकॉर्ड भी संधारित नहीं किया जा रहा है और न ही कार्रवाई के लिए प्रशासन की मदद ली जा रही है। यहां तक कि स्वयं जिम्मेदारों के भी गोचर भूमि में अतिक्रमण की शिकायतें लंबित हैं।
ग्राम पंचायत के चारागाह भूमि पर अतिक्रमण के मामले में संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई जल्द की जाएगी।
– प्रदीप कुमार सिंह ,एसडीएम तरबगंज.