हर पात्र लाभार्थी महिला को मिलेगा मातृ वंदन योजना का लाभ

गोंडा
हर पात्र गर्भवती महिला तक पहुंचेगा मातृ वंदना योजना का लाभ, 15 जुलाई तक चलेगा विशेष पंजीकरण अभियान
प्रदीप मिश्रा, चीफ रिपोर्टर

Gonda News

गोंडा। जनपद में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के अंतर्गत पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को योजना का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के उद्देश्य से 15 जुलाई तक विशेष पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं संबंधित विभागीय कर्मचारियों द्वारा घर-घर संपर्क कर पात्र महिलाओं का पंजीकरण कराया जाएगा, ताकि कोई भी लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रह सके।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में विशेष पंजीकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत विभागीय टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रत्येक गांव, मजरा और वार्ड स्तर पर पहुंचकर पात्र महिलाओं की पहचान करें और उनका समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रथम जीवित संतान के लिए पात्र महिला को पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। वहीं दूसरी संतान यदि बालिका होती है तो लाभार्थी को छह हजार रुपये की सहायता राशि दिए जाने का प्रावधान है। यह सहायता सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाती है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
जिला समन्वयक अतुल कुमार यादव ने बताया कि अभियान के दौरान लाभार्थियों को योजना की जानकारी देने के साथ-साथ पंजीकरण संबंधी सभी औपचारिकताएं भी पूरी कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं को पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। बच्चे के जन्म के बाद जन्म प्रमाण पत्र भी आवश्यक होगा।
अतुल कुमार यादव ने कहा कि विभाग का लक्ष्य है कि जिले की प्रत्येक पात्र गर्भवती एवं धात्री महिला तक योजना का लाभ पहुंचे। इसके लिए आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों तथा ग्राम स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। महिलाओं और उनके परिजनों को योजना की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जो महिलाएं अभी तक प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से नहीं जुड़ सकी हैं, वे निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र, आशा कार्यकर्ता या बाल विकास परियोजना कार्यालय से संपर्क कर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। इससे उन्हें सरकार द्वारा संचालित मातृ एवं शिशु कल्याण योजनाओं का समय पर लाभ प्राप्त हो सकेगा।
जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को उम्मीद है कि विशेष पंजीकरण अभियान के माध्यम से अधिकाधिक पात्र महिलाओं को योजना से जोड़कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त होगी।

6 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *