लोक कल्याण मेले व स्वनिधि महोत्सव में ऋण वितरण, लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए
प्रदीप मिश्रा, चीफ रिपोर्टर
को
Gonda News
गोण्डा। नगर पालिका परिषद गोण्डा में मंगलवार को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लोक कल्याण मेला एवं स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी विशाल कुमार तथा उपजिलाधिकारी एवं परियोजना अधिकारी नेहा मिश्रा ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना रहा।
मेले के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत नए पात्र आवेदकों के ऋण आवेदन ऑनलाइन कराए गए। वहीं विभिन्न बैंकों के सहयोग से कई आवेदनों का मौके पर ही परीक्षण कर ऋण स्वीकृत एवं वितरित कराया गया। इससे स्ट्रीट वेंडर्स में उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने कहा कि स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों और फुटपाथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में पूर्व में योजना के तहत वित्तीय सहायता प्राप्त कर चुके लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने लाभार्थियों से ऋण राशि का सदुपयोग कर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने तथा समय पर ऋण अदायगी करने का आह्वान किया, जिससे उन्हें भविष्य में अधिक ऋण सुविधा एवं अन्य वित्तीय लाभ प्राप्त हो सकें।
उपजिलाधिकारी विशाल कुमार ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने हजारों छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है। वहीं परियोजना अधिकारी नेहा मिश्रा ने योजना की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी देते हुए पात्र स्ट्रीट वेंडर्स से अधिकाधिक संख्या में योजना से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के सदस्य, उप अग्रणी जिला प्रबंधक, इण्डियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक एवं भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक, सीएमएम, सीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लाभार्थियों की समस्याएं भी सुनीं तथा उनका त्वरित समाधान कराने का आश्वासन दिया।