मृतक आश्रित शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की मांगों को मिला सांसद का समर्थन, मुख्यमंत्री से निस्तारण कराने का दिया आश्वासन
पदोन्नति एवं कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ दिलाने की उठी मांग
प्रदीप मिश्रा, चीफ रिपोर्टर
Gonda news
गोंडा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक मृतक आश्रित शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। सांसद ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए स्वयं मुख्यमंत्री के समक्ष मामला उठाकर निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
संघ के मंडल अध्यक्ष उमेश प्रताप मिश्र के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी एवं कर्मचारी विश्नोहरपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सांसद को सौंपा। ज्ञापन में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को अन्य विभागों की तरह पदोन्नति का लाभ दिए जाने तथा उन्हें कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे में शामिल करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा गत 5 सितंबर को परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की वार्डनों, विशेष शिक्षकों तथा मध्याह्न भोजन बनाने वाली रसोइयों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की गई थी, लेकिन शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर कार्यरत समूह ‘घ’ कर्मचारियों को इस योजना से वंचित रखा गया है।
पदाधिकारियों ने कहा कि मृतक आश्रित शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की नियुक्ति शासनादेश के तहत नियमित रूप से की जाती है और वे वर्षों से विद्यालयों एवं शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें न तो पदोन्नति का लाभ मिल रहा है और न ही कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना का संरक्षण। इससे कर्मचारियों में निराशा और असंतोष का माहौल है।
संघ ने बताया कि अपनी मांगों के समर्थन में वह लगातार जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर रहा है। संगठन द्वारा सत्ता पक्ष के विधायकों, सांसदों, विधान परिषद सदस्यों तथा पार्टी पदाधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाई जा रही है, ताकि शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का समान रूप से लाभ मिल सके।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद सांसद करण भूषण सिंह ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा और उनके न्यायोचित निस्तारण के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। सांसद के इस आश्वासन से कर्मचारियों में उम्मीद जगी है।
इस अवसर पर मंडल महामंत्री अनोखी लाल भास्कर, जिलाध्यक्ष हरीश कुमार मिश्र, जिला महामंत्री प्रदीप कुमार, जिला कोषाध्यक्ष विष्णु देव गुप्ता, रामपाल भारती, अमरेंद्र यादव, राजेश कुमार, अरुण कुमार, दिग्विजय वर्मा, राहुल वर्मा, केशव राम, धनश्याम, अवनीश दुबे, राहुल सिंह, अमरेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह, भानुप्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।