विकास भवन में हाईग्रेड लाइब्रेरी तैयार, प्रतियोगी छात्रों को मिलेगा आधुनिक अध्ययन केंद्र
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी सुविधा जल्द ही उपलब्ध होने जा रही है। विकास भवन परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईग्रेड लाइब्रेरी तैयार की जा रही है, जहां एक समय में करीब 25 छात्र-छात्राएं बैठकर अध्ययन कर सकेंगे। लाइब्रेरी का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और इसका उद्घाटन शीघ्र होने की संभावना है।
यह लाइब्रेरी विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई है। शुरुआत में यहां लगभग 400 चयनित पुस्तकों की व्यवस्था की गई है, जिनमें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी और प्रामाणिक सामग्री शामिल है। आने वाले समय में पुस्तकों की संख्या और विषय-वस्तु को और विस्तार देने की योजना भी बनाई गई है।
लाइब्रेरी में एयरकंडीशन रीडिंग रूम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे छात्रों को शांत और अनुकूल वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। यह लाइब्रेरी विकास भवन परिसर में स्थित अरगा शक्ति कैफे के पास तैयार की जा रही है, जिससे छात्रों को पढ़ाई के साथ अन्य आवश्यक सुविधाएं भी पास में मिल सकेंगी।
इस पहल की खास बात यह है कि यह लाइब्रेरी सभी छात्रों के लिए खुली होगी। कोई भी विद्यार्थी या प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा अभ्यर्थी यहां आकर अध्ययन कर सकेगा, जिससे जिले में शैक्षिक माहौल को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस पूरे प्रोजेक्ट की देखरेख मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन द्वारा की जा रही है, जो इसे गुणवत्तापूर्ण और उपयोगी बनाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं।
मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने बताया कि यह लाइब्रेरी युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि जिले के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक बेहतर और सुलभ स्थान मिले। शुरुआती चरण में सीमित संसाधनों के साथ लाइब्रेरी शुरू की जा रही है, लेकिन जल्द ही इसमें और सुविधाएं एवं पुस्तकें जोड़ी जाएंगी। यह पहल निश्चित रूप से युवाओं के भविष्य निर्माण में सहायक साबित होगी।”