शिक्षा के साथ संस्कार देकर जिम्मेदार नागरिक तैयार कर रहा एलबीएस कॉलेज
गांधी-शास्त्री जयंती के साथ मनाया गया महाविद्यालय का 61वां स्थापना दिवस, छात्र-छात्राओं ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
गांधी-शास्त्री जयंती के साथ एलबीएस कॉलेज का 61वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया
प्रभारी डीएम दयानंद प्रसाद ने महाविद्यालय को बताया देवीपाटन मंडल का गौरव
छात्र-छात्राओं ने गायन, नृत्य, भाषण और योग की प्रस्तुतियों से बांधा समां
आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को वितरित की गई ड्रेस, सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मचारी हुए सम्मानित
शिक्षा के साथ संस्कार देकर देश के लिए जिम्मेदार नई पीढ़ी तैयार करने पर दिया जोर
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में गुरुवार को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के साथ महाविद्यालय का 61वां स्थापना दिवस भव्य समारोह के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की 61 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय ने शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और संस्कार देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी जिलाधिकारी दयानंद प्रसाद ने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर स्थापित यह महाविद्यालय विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। यहां शिक्षा के साथ संस्कार देकर देश के उत्थान के लिए जागरूक और जिम्मेदार नई पीढ़ी तैयार की जा रही है। उन्होंने महाविद्यालय को देवीपाटन मंडल का गौरव बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष वर्षा सिंह ने की। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए सभी को सेवा का संकल्प लेना होगा। युवा पीढ़ी सकारात्मक चिंतन के साथ अपने भविष्य का निर्माण करते हुए राष्ट्र के विकास में योगदान दे।
समारोह में छात्र-छात्राओं ने गायन, नृत्य, भाषण और योग की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन जीत लिया। इस अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय की ओर से ड्रेस वितरित की गई।
विशिष्ट अतिथि गुंजन शाह और पूजा छाबड़ा रहीं। समारोह में प्रबंध समिति के सदस्य रवि चंद्र त्रिपाठी, सुरेंद्र पाल सिंह (संजू), अश्वनी श्रीवास्तव सहित महाविद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ. ओंकार पाठक, डॉ. आरएस पांडेय, डॉ. डीके गुप्ता, डॉ. मिथिलेश मिश्रा, डॉ. त्रिलोचन सिंह, डॉ. गंगोत्री तिवारी, डॉ. श्रवण श्रीवास्तव, डॉ. आरबीएस बघेल और डॉ. बीपी सिंह तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों राधेश्याम त्रिपाठी, राजेंद्र श्रीवास्तव, रामचंद्र, अर्जुन वर्मा और विष्णु प्रसाद को सम्मानित किया गया।
मुख्य नियंता प्रो. संदीप कुमार श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन डॉ. मुक्ति टंडन ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. वंदना भारतीय, डॉ. परवेज आलम, डॉ. चमन कौर, डॉ. संतोष श्रीवास्तव, डॉ. मनोज मिश्रा, डॉ. अमित शुक्ला सहित सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा। प्रबंध समिति के सचिव उमेश शाह ने कार्यक्रम की सफलता पर महाविद्यालय परिवार को बधाई दी। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996