नारी ज्ञानस्थली में दिवाली धमाल को लेकर हुईं प्रतियोगिताएं

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
 झिलमिल दिवाली धमाल में छात्राओं ने बिखेरी प्रतिभा की चमक, सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला बनी चैंपियन
सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज में प्रतिभा का महामुकाबला एवं लोक लहरी-2026 का भव्य आयोजन, रंगोली, अंत्याक्षरी, हेयर स्टाइल और थाली सजावट प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
गीत-संगीत, रंगोली और लोकनृत्य से सजा ज्ञानस्थली का परिसर, सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला ने जीती झिलमिल दिवाली चैंपियन ट्रॉफी
प्रदीप मिश्रा। प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा। सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज में गुरुवार को दीपावली के उल्लास, लोक संस्कृति की रंगत और छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। महाविद्यालय परिसर में ‘झिलमिल दिवाली धमाल-प्रतिभा का महामुकाबला एवं लोक लहरी-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न इंटर कॉलेजों और महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कहीं सुरों की जंग में गीतों की गूंज सुनाई दी तो कहीं रंगोली के रंगों ने आकर्षित किया। हेयर स्टाइल, थाली सजावट और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्राओं के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। सर्वाधिक प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज की टीम को ‘झिलमिल दिवाली चैंपियन-2026’ की ट्रॉफी प्रदान की गई।
अंत्याक्षरी में एम्स इंटर कॉलेज ने मारी बाजी
कार्यक्रम की शुरुआत ‘सुरों की जंग’ अंत्याक्षरी प्रतियोगिता से हुई। इसमें जिले के सात इंटर कॉलेजों की टीमों ने हिस्सा लिया। गीतों की प्रस्तुतियों और याददाश्त के इस मुकाबले में एम्स इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान हासिल किया। सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि एम्स इंटरनेशनल स्कूल और महर्षि विद्या मंदिर इंटर कॉलेज को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला। प्रतियोगिता को सफल बनाने में डॉ. आनंदिता रजत, डॉ. नीलम छाबड़ा, डॉ. साधना गुप्ता, कंचनलता पाण्डेय, मानवेन्द्र श्रीवास्तव एवं आरजे अदनान की विशेष भूमिका रही।

महर्षि विद्या मंदिर को मिला अंताक्षरी प्रतियोगिता  में तृतीय पुरस्कार श्रेया मिश्रा, अनुष्का सिंह, प्रगति जायसवाल, भानुश्री सिंह ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

रंगोली में छात्राओं ने उकेरे आकर्षक रंग
इसके बाद ‘रंगों की उड़ान’ रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें नौ इंटर कॉलेजों की टीमों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा दिखाई। आकर्षक रंग संयोजन और रचनात्मक डिजाइनों से सजी रंगोलियों ने सभी का ध्यान खींचा। एम्स इंटरनेशनल स्कूल की अभिधा तिवारी एवं दिव्यांशी शुक्ला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की आफरीन बानो एवं अनुराधा यादव दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि भैया राघवराम इंटर कॉलेज की सना फातिमा ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में डॉ. सीमा श्रीवास्तव, डॉ. मौसमी सिंह एवं डॉ. नीतू सिंह का विशेष योगदान रहा।
### हेयर स्टाइल और थाली सजावट में दिखा हुनर
‘केश सज्जा का कमाल’ जूड़ा एवं हेयर स्टाइल प्रतियोगिता में पांच इंटर कॉलेजों की टीमों ने हिस्सा लिया। छात्राओं ने पारंपरिक और आधुनिक हेयर स्टाइल के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इसमें ज्योति विद्या मंदिर की सना फातिमा प्रथम, एम्स इंटरनेशनल स्कूल की यसिका पटवा द्वितीय और सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज की खुशबू तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता को डॉ. रश्मि द्विवेदी, हिमांशी मिश्रा एवं स्नेहा पटवा ने संपन्न कराया।
वहीं, ‘सजावट का जादू’ थाली सजावट प्रतियोगिता में सात इंटर कॉलेजों की छात्राओं ने आकर्षक सजावटी थालियां तैयार कीं। इसमें एम्स इंटर कॉलेज की समिष्ठा गुप्ता को प्रथम, भैया राघवराम इंटर कॉलेज की खुशी को द्वितीय तथा सरजू प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज की नैन्सी मौर्या को तृतीय स्थान मिला। प्रतियोगिता डॉ. अमिता श्रीवास्तव एवं डॉ. कुमकुम सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई।
लोक लहरी में अवधी संस्कृति और लोकनृत्य की दिखी झलक
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘लोक लहरी’ नृत्य प्रतियोगिता रही। इसका उद्देश्य छात्राओं को उत्तर प्रदेश की समृद्ध लोकनृत्य परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना था। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के पांच समूहों ने हिस्सा लिया। आकर्षक वेशभूषा, पारंपरिक भाव-भंगिमाओं और मनमोहक प्रस्तुतियों के जरिए छात्राओं ने लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। इसमें योग विभाग ने प्रथम, शिक्षाशास्त्र विभाग ने द्वितीय तथा संगीत विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में समता धनकानी की विशेष भूमिका रही।
अवधी लोकगीतों ने बांधा समां, डांडिया से हुआ समापन
कार्यक्रम को और भी रोचक बनाने के लिए संगीत विभाग की शिक्षिकाओं डॉ. मनीषा सक्सेना, किरन पाण्डेय, प्रियंका तिवारी, गीता श्रीवास्तव, जया त्रिपाठी एवं सारिका ने विभिन्न अवधी लोकगीतों की प्रस्तुति दी। लोकगीतों की मधुर धुनों ने उपस्थित छात्राओं और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
परिसर में विभिन्न व्यंजनों के स्टाल भी लगाए गए थे, जहां छात्राओं और अन्य लोगों ने दीपावली के पकवानों का आनंद लिया। खेलों के स्टाल और सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र रहे। सेल्फी प्वाइंट तैयार करने में अल्फिया एवं आर्या का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्रा श्रेया मिश्रा को ‘झिलमिल दिवाली स्टार’ तथा अल्फिया को ‘डांस क्वीन’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
 प्राचार्या ने विजेताओं को शील्ड और मेडल पहनाकर किया सम्मानित
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं की छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना का विकास करते हैं। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन मोनिका श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम का समापन महाविद्यालय की छात्राओं की आकर्षक डांडिया नृत्य प्रस्तुति के साथ हुआ। इस दौरान श्रीमती रंजना बन्धु, श्रीमती रोमा निगम, रेखा श्रीवास्तव, डॉ. आशू त्रिपाठी, सुनीता मिश्रा, सुनीता पाण्डेय, अनु उपाध्याय, डॉ. डी. कुमार, डॉ. विमला, सुषमा सिंह, सुबेन्दु वर्मा, वन्दना मिश्रा, प्रीती श्रीवास्तव, रोली श्रीवास्तव, ईला श्रीवास्तव, संध्या सिन्हा, वर्तिका श्रीवास्तव, अरविन्द कुमार पाठक, मंगली राम, विजय प्रकाश श्रीवास्तव, मनोज सोनी, तबरेज मन्सूरी, लक्ष्मी यादव, मेजर राजाराम, दिनेश मिश्रा, आशुतोष श्रीवास्तव, दिनेश श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव, ननकू, संतोष, रमेश, कमल एवं मुकेश सहित महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी और छात्राएं मौजूद रही।

.

.

.

.

.

.

.

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996

10 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *