अक्षय तृतीया पर महर्षि विद्या मंदिर में वैदिक अनुष्ठान व गुरु-पूजन, श्रद्धा-उत्साह के साथ संपन्न कार्यक्रम
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा, 20 अप्रैल 2026।
महर्षि शिक्षण संस्थान की इकाई महर्षि विद्या मंदिर, जानकी नगर गोंडा में महर्षि विश्व शांति आंदोलन के तत्वावधान में अक्षय तृतीया का पर्व श्रद्धा, उत्साह और वैदिक परंपराओं के अनुरूप बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक वातावरण के बीच विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा द्वारा भगवान श्रीराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके उपरांत विद्यालय के ध्यान शिक्षक अमर सिंह यादव ने महर्षि परंपरा के अनुरूप विधिवत गुरु-पूजन कराया, जिससे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
इस अवसर पर आमंत्रित पुरोहित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन संपन्न कराया गया। वैदिक अनुष्ठान के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और उपस्थित छात्र-छात्राओं व अभिभावकों ने पूरे मनोयोग के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में नलिनी बाजपेई, लतिका पाठक, ज्योति मिश्रा, शालिनी श्रीवास्तव, वंदना सिंह, पूजा पाठक सहित समस्त अध्यापक-अध्यापिकाओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
अंत में प्रधानाचार्य श्री मिश्रा ने सभी उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करते हैं। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया और इसी के साथ आयोजन संपन्न हुआ।
