गोण्डा सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव, बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News :
गोण्डा। शहर के जानकी नगर स्थित गोण्डा सिटी मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज में शनिवार देर शाम वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी इस संध्या में नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से हुई। नर्सरी से अपर केजी तक के बच्चों ने “आओ तुम्हें चाँद पे ले जाएं” गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। वहीं कक्षा द्वितीय और तृतीय के विद्यार्थियों ने मोबाइल थीम पर आधारित गीत के माध्यम से समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।
अन्य कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने “संदेश आते हैं”, “मैंने पायल है छनकाई” और “जीवन के दिन” जैसे गीतों पर रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा चतुर्थ से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सामाजिक नाटक “सारांश” रहा, जिसमें एकाकी परिवार की समस्या को प्रभावी ढंग से दर्शाते हुए वृद्ध माता-पिता की सेवा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान भावुक क्षण तब आया जब बच्चों ने “मिट्टी के बेटे” प्रस्तुति दी। इस दौरान उपस्थित लोगों ने खड़े होकर शहीद सैनिकों के प्रति दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मशहूर बॉलीवुड लेखक एवं अभिनेता जीशान कादरी रहे। संस्था के प्रबंधक एवं ट्रस्टी शाश्वत जोशी ने उनका स्वागत किया। विद्यालय की ट्रस्टी रश्मि जोशी, प्रवत्ति जोशी, जावेद सईद, झंझरी ब्लॉक प्रमुख, स्कूल के अध्यक्ष आशीष मिश्रा एवं प्रधानाचार्य अशोक कुमार मिश्र ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर बार काउंसिल अध्यक्ष रवि चन्द्र त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष राम बुझारत द्विवेदी, निशांत मिश्रा, जीशान हैदर, अखिल भारतीय व्यापार मंडल के नगर प्रभारी अतीक अहमद मीनाई, सपा नेता मसूद आलम खान, माया शंकर जोशी, सौरभ सिंह, प्रदीप शुक्ला, इंद्रभूषण, मनीषा जोशी, नाहिद कुरैशी, उर्मिला शुक्ला, पल्लवी सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में प्रबंधक शाश्वत जोशी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाली शिक्षिकाओं की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
