मारवाड़ी युवा मंच ने आयोजित किया रक्तदान शिविर, दिखा उत्साह, 54 यूनिट रक्त संग्रहित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए मारवाड़ी युवा मंच द्वारा रविवार को शहर स्थित एसपीएम हॉस्पिटल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, महिलाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 54 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
रक्तदान से पूर्व सभी इच्छुक दानदाताओं की बीपी एवं शुगर की जांच कराई गई। चिकित्सकीय रूप से स्वस्थ पाए जाने वाले व्यक्तियों से ही रक्तदान कराया गया, जिससे सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान मारवाड़ी युवा मंच की महिला शाखा की भी सक्रिय भागीदारी रही, जिसने आयोजन को और अधिक प्रभावी बनाया।
शिविर के दौरान एसपीएम हॉस्पिटल के ब्लड बैंक में आयोजित सम्मान समारोह में मंच के पदाधिकारियों द्वारा अस्पताल के चेयरमैन डॉ. ओ.एन. पांडेय को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. पांडेय ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त तीन जरूरतमंद लोगों को जीवनदान देने में सहायक हो सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।
रक्तदान शिविर के सफल संचालन में एसपीएम हॉस्पिटल ब्लड बैंक के डायरेक्टर के.के. मिश्रा, बी.पी. तिवारी, सिद्धनाथ पांडेय, सकीना बानो, सरस्वती वर्मा एवं भरत जी ओझा का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष राम मनोहर अग्रवाल, महामंत्री पवन कुमार अग्रवाल, रक्तदान संयोजक अमित गर्ग (विक्की), देवेश जालान, निखिल अग्रवाल, दर्शिका अग्रवाल, प्रांतीय सदस्य विकास जैन, विकास अग्रवाल, सचिन खेमका सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त महिला मंडल की प्रांतीय सदस्य नीलम जैन, अध्यक्षा अनीता मनीरामका, महामंत्री वर्षा अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सोनम अग्रवाल, बेनू अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, गुंजन अग्रवाल के साथ शिव शंकर सोमानी, पीयूष मित्तल, गोपाल मित्तल, अविनाश तुलस्यान, सचिन पचेरिया, सुरेश भावसिंहका समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
शिविर के सफल आयोजन से जहां जरूरतमंद मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है, वहीं समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
