बाल विकास योजनाओं में सेंधमारी मिली तो खैर नहीं : केंद्रीय मंत्री

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
सेवा संकल्प अभियान में योजनाओं की जानकारी के साथ लाभार्थियों को मिला लाभ
मनकापुर में पोषण माह के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने किया स्टालों का अवलोकन, पोषण व्यंजनों का चखा स्वाद; बोले—बाल विकास विभाग में अनियमितता बर्दाश्त नहीं
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News

गोंडा। विकासखंड मनकापुर परिसर में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान एवं पोषण माह के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी देने के साथ गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कुपोषण की रोकथाम और बच्चों के समुचित विकास का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह राजा भैया ने विभिन्न विभागीय स्टालों का अवलोकन किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से स्टाल पर स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री से अलग-अलग विधियों से तैयार की गई पोषण रेसिपी की प्रदर्शनी लगाई गई थी। केंद्रीय मंत्री के साथ कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने पोषण व्यंजनों का स्वाद भी चखा और कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।

केंद्रीय मंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनके कार्यों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग नवजात शिशुओं से लेकर बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन करता है। ऐसे संवेदनशील विभाग में किसी भी प्रकार की अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा और जिम्मेदार लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी ढंग से पहुंचे। प्रधानमंत्री की योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में अधिकारी, कर्मचारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएं। उन्होंने लोगों से भी सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता और बच्चों की देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, कुपोषण की पहचान एवं रोकथाम तथा किशोरियों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं की जानकारी दी गई।

विशिष्ट अतिथि विधायक रमापति शास्त्री, नगर पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश सोनी, ब्लॉक प्रमुख जगदेव, केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि यूपी सिंह, खंड विकास अधिकारी गौरीसा श्रीवास्तव और बाल विकास परियोजना अधिकारी रमा सिंह सहित इसके अलावा तमाम अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ बचपन ही मजबूत समाज की आधारशिला है। पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सामूहिक जिम्मेदारी है। सीडीपीओ रमा सिंह ने विभागीय योजनाओं के प्रगति की जानकारी केन्द्रीय मंत्री को दी। मुख्य सेविका सुनीता सिंह ने स्टाल समेत मंच पर चल रहे कार्यक्रम को सम्भालने का कार्य किया।

कार्यक्रम में मुख्य सेविका सुनीता सिंह, निशी द्विवेदी, लालती कुमारी, लिपिक लालमन, जुगेष सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में चंद्रावती, नित्या सिंह, जयंत‌ी, मनीषा देवी, रानिका सिंह, राधा देवी, रेखा देवी, प्रतिभा देवी, सुनीता देवी, मंजू देवी, साधना मिश्रा, रुक्मणी, अर्चना सिंह और अर्चना त्रिपाठी सहित अन्य की सहभागिता रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थियों और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।

.

.

.

.

.

..

 

.

.

.

.

.

.

.

.

.

.

.

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996

12 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *