कच्ची शराब के खिलाफ चला आबकारी महकमे का बड़ा अभियान

उत्तर प्रदेश अयोध्या गोंडा गोरखपुर दिल्ली बलरामपुर बहराइच बाराबंकी बिहार बैंगलोर ब्रेकिंग न्यूज़ मुंबई लखनऊ
अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग का शिकंजा, 230 लीटर कच्ची शराब बरामद
जैतापुर माझा समेत तीन स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश, दो भट्ठियां और 500 किलो लहन नष्ट
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने जिले में अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के कुशल निर्देशन में आबकारी विभाग की अलग-अलग टीमों ने नवाबगंज, इटियाथोक और कोतवाली देहात क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 230 लीटर अवैध कच्ची शराब, दो शराब की भट्ठियां, करीब 500 किलोग्राम लहन, शराब बनाने के उपकरण और एक मोटरसाइकिल बरामद की। कार्रवाई के दौरान मौके पर मिली दोनों अवैध भट्ठियों को तोड़कर नष्ट कर दिया गया, जबकि लहन को भी नष्ट कराया गया। विभिन्न मामलों में कुल तीन अभियोग दर्ज किए गए हैं।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 एवं प्रवर्तन टीम की संयुक्त टीम को मुखबिर के जरिए थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम जैतापुर माझा में अवैध शराब के कारोबार की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने गांव में अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 200 लीटर अवैध शराब और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। जांच के बाद थाना नवाबगंज में एक वांछित अभियुक्त के विरुद्ध धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया।
दो स्थानों पर चल रही थीं अवैध शराब की भट्ठियां
इसी क्रम में आबकारी विभाग की दूसरी टीम ने थाना इटियाथोक क्षेत्र के ग्राम जत्तापुर तथा कोतवाली देहात क्षेत्र के वैनिया में आकस्मिक दबिश दी। टीम की कार्रवाई के दौरान दोनों स्थानों पर अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार किए जाने का मामला सामने आया। मौके से 30 लीटर कच्ची शराब, दो अवैध शराब की भट्ठियां, करीब 500 किलोग्राम लहन और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए।
टीम ने मौके पर ही दोनों भट्ठियों को नष्ट करा दिया। बरामद लहन को भी नष्ट कर दिया गया, ताकि उससे दोबारा अवैध शराब तैयार न की जा सके। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अवैध शराब के अड्डों पर लगातार नजर
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब का निर्माण और बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग द्वारा विशेष रूप से उन गांवों और क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है, जहां चोरी-छिपे कच्ची शराब तैयार किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मुखबिर तंत्र को और सक्रिय करते हुए ऐसे स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने दी चेतावनी
जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने चेतावनी दी है कि जनपद में अवैध शराब का निर्माण, बिक्री, भंडारण या परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी-छिपे शराब बनाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल दबिश देकर कार्रवाई की जाएगी।
जिला आबकारी अधिकारी ने लोगों से भी अपील की कि अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर विभाग को तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि अवैध शराब न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे लोगों के जीवन और स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा पैदा होता है।
10 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *