राम जानकी मंदिर परिसर में सजा भव्य सावन मेला, खरीदारी और मनोरंजन का दिखा उत्साह
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। सावन महोत्सव के अवसर पर रविवार को रानी बाजार स्थित श्री राम जानकी मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में राम जानकी महिला मंडल की ओर से भव्य सावन मेले का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी सजावट, आकर्षक स्टॉल, स्वादिष्ट व्यंजन, बच्चों के मनोरंजन और महिलाओं के लिए आयोजित विभिन्न खेलों ने मेले को खास बना दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों एवं श्रद्धालुओं ने मेले में पहुंचकर खरीदारी की और सावन उत्सव का आनंद उठाया।
सावन मेले का शुभारंभ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अनिल मित्तल, संजय अग्रवाल सहित राम जानकी महिला मंडल की सदस्याएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मेले में बनारस, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, देवरिया तथा गोंडा जनपद से आए व्यापारियों ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए। खान-पान की वस्तुओं के साथ ही लाख की चूड़ियां, ज्वेलरी, बेडशीट, सूट-साड़ियां, लड्डू गोपाल के वस्त्र, राखियां, सजावटी सामग्री एवं घरेलू उपयोग की वस्तुओं के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। मेले में पहुंचे लोगों ने अपनी पसंद की वस्तुओं की जमकर खरीदारी की।
मेला परिसर को हरी पत्तियों और रंग-बिरंगे कपड़ों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूलों और सेल्फी प्वाइंट की विशेष व्यवस्था की गई। बच्चों के लिए विभिन्न गेम्स प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं महिलाओं के लिए आयोजित हाउजी गेम ने भी खूब मनोरंजन किया और प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
आयोजन को सफल बनाने में मेला संयोजक सीमा अग्रवाल, मेला प्रभारी कविता काबरा तथा मेला टीम की सदस्याएं अनामिका बंसल, नीलम जैन, नीतू गर्ग, मीनू पचेरिया, पूनम मित्तल, बेनू अग्रवाल, ज्योति मित्तल, डॉ. नेहा नेवटिया, प्रीति अग्रवाल, सरोज अग्रवाल, गुंजन शाह, कविता बंसल, शारदा गर्ग, पूजा मोदी, रचना पचेरिया, रेनू अग्रवाल, सरिता नेवटिया, पूजा केडिया और सरोज गर्ग सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
सावन मेले में दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा। महिलाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी से राम जानकी मंदिर एवं धर्मशाला परिसर में रौनक बनी रही।
