ओरिएंटेशन डे में नवप्रवेशी छात्राओं का ज्ञानस्थली कॉलेज में स्वागत

गोंडा
ओरिएंटेशन डे में नवप्रवेशी छात्राओं का हुआ भव्य स्वागत, व्यक्तित्व निर्माण और अनुशासन का दिया संदेश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोंडा। सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज, गोंडा में गुरुवार को बीए, बीकॉम एवं एमए प्रथम वर्ष की नवप्रवेशी छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन डे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय के मिशन, उद्देश्यों, कार्यसंस्कृति तथा शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराते हुए उनके नए शैक्षणिक जीवन की सकारात्मक शुरुआत कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद महाविद्यालय की संस्थापिका की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। संगीत विभाग की शिक्षिका डॉ. मनीषा सक्सेना एवं जया त्रिपाठी के निर्देशन में छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त पाठशाला है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ अपनी प्रतिभाओं को निखारने, आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनने तथा समाज और परिवार का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. हरप्रीत कौर ने नवप्रवेशी छात्राओं को महाविद्यालय के नियमों, अनुशासन एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। वहीं मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने महाविद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों से छात्राओं का परिचय कराया।
कार्यक्रम के दौरान योग विभाग की शिक्षिका समता धनकानी के निर्देशन में छात्राओं ने पैरोडी गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं आरजे अदनान ने महाविद्यालय में संचालित रेडियो जॉकी (आरजे) वोकेशनल कोर्स की जानकारी देते हुए उसके रोजगारपरक महत्व पर प्रकाश डाला।
महाविद्यालय की व्यवस्थापिका डॉ. आनंदिता रजत ने छात्राओं को संस्थान की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं नियमों से अवगत कराया। उन्होंने मोबाइल फोन के जिम्मेदार और सकारात्मक उपयोग पर बल देते हुए कहा कि यह आधुनिक शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसका सदुपयोग ही विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बना सकता है। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय की गरिमा एवं अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में आयोजित ओपन स्टेज में नवप्रवेशी छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शबा परवीन, श्रेया, अंशिका, संजना, रुचि दुबे, शुभी तिवारी, माही तिवारी एवं ईशा श्रीवास्तव सहित कई छात्राओं ने गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंध समिति की सदस्य श्रीमती रेखा मोहन एवं रोमा निगम ने पर्सनैलिटी डेवलपमेंट प्रोग्राम में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित किए। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अंग्रेजी विभाग की मिस मोनिका श्रीवास्तव ने किया, जबकि समापन ज्ञानस्थली गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यक्रम में श्रीमती रंजना बंधु, डॉ. नीलम छबड़ा, डॉ. मौसमी सिंह, डॉ. नीतू सिंह, डॉ. अमिता श्रीवास्तव, डॉ. आशु त्रिपाठी, डॉ. रश्मि द्विवेदी, डॉ. साधना गुप्ता, कंचनलता पाण्डेय, सुनीता मिश्रा, सुनीता पाण्डेय, अनु उपाध्याय, डॉ. डी. कुमार, डॉ. विमला, डॉ. कुमकुम सिंह, सुषमा सिंह, प्रियंका त्रिपाठी, हिमांशी मिश्रा, तबरेज मंसूरी, राजेश मिश्रा, सुवेन्दु वर्मा, मानवेंद्र श्रीवास्तव सहित समस्त ज्ञानस्थली परिवार उपस्थित रहा।

4 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *