वर्क कॉन्ट्रैक्ट सेवाओं से राजस्व बढ़ाने पर मंथन, समय पर रिटर्न व कर जमा करने के निर्देश

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा। राज्य कर विभाग द्वारा वर्क कॉन्ट्रैक्ट सर्विसेस से जुड़े करदाताओं के साथ संवाद स्थापित कर कर-अनुपालन को मजबूत बनाने और राजस्व संग्रह बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को राज्य कर भवन, गोण्डा में सेक्टरवार संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राज्य कर, गोण्डा सम्भाग के.एम. मिश्रा ने की। बैठक में विभागीय अधिकारियों, अधिवक्ताओं तथा बड़ी संख्या में वर्क कॉन्ट्रैक्ट व्यवसायियों ने भाग लेकर विभिन्न कर संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
संवाद कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त के.एम. मिश्रा ने कहा कि करदाताओं और विभाग के बीच नियमित संवाद से समस्याओं का समयबद्ध समाधान संभव होता है। उन्होंने करदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर रिटर्न दाखिल करने तथा देय कर का भुगतान करने की अपील करते हुए कहा कि समय पर कर जमा करने से न केवल विभागीय कार्यप्रणाली मजबूत होती है, बल्कि प्रदेश के विकास कार्यों को भी गति मिलती है।
बैठक में विशेष रूप से ई-ग्राम स्वराज एवं मनरेगा के अंतर्गत करदाताओं द्वारा की गई आपूर्ति के सापेक्ष प्राप्त भुगतानों के मुकाबले अपेक्षित राजस्व प्राप्त न होने के विषय पर गंभीर चर्चा हुई। विभाग की ओर से करदाताओं को इस संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा नियमानुसार कर जमा करने के लिए प्रोत्साहित किए जाने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी पात्र करदाताओं को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप कर भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि राजस्व संग्रह में वृद्धि हो सके।
बैठक में वर्क कॉन्ट्रैक्ट सर्विसेस से जुड़े करदाताओं को समयबद्ध तरीके से जीएसटी रिटर्न दाखिल करने, कर भुगतान में लापरवाही न बरतने तथा विभागीय नियमों का पूर्ण पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही इस क्षेत्र से राजस्व प्राप्तियों में बढ़ोतरी के लिए विभिन्न सुझावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में विभाग की ओर से उपायुक्त हरि सहाय सिंह, के.के. तिवारी, महेन्द्र प्रताप सिंह यादव, आर.एस. यादव तथा सहायक आयुक्त सत्य प्रकाश गौड़ और वेद प्रकाश शुक्ला मौजूद रहे।
व्यापारियों की ओर से हरिओम पाण्डेय, अकबाल हुसैन और शीस मोहम्मद ने सहभागिता करते हुए व्यापारिक पक्ष रखा। वहीं अधिवक्ताओं में के.एल. भारद्वाज, बी.बी. सिंह, एम.एन. मिश्रा, हेमन्त पाण्डेय, गौरव अग्रवाल तथा सनी श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं एवं व्यापारियों ने संवाद कार्यक्रम में भाग लिया।
बैठक के अंत में व्यापारियों और अधिवक्ताओं ने विभाग द्वारा चलाए जा रहे कर जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए वर्क कॉन्ट्रैक्ट सर्विसेस के क्षेत्र में कर अनुपालन बढ़ाने, समय पर रिटर्न दाखिल करने तथा राजस्व वृद्धि के लिए विभाग को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने भी भविष्य में ऐसे संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही, जिससे करदाताओं की समस्याओं का समाधान और राजस्व संग्रह दोनों को नई गति मिल सके।