छात्रों के भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़ : डॉ राजकुमार मौर्या

उत्तर प्रदेश अयोध्या गोंडा

 

छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही भाजपा सरकार : डॉ. राजकुमार मौर्य
पेपर लीक और परीक्षा अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोंडा, 24 जून। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. राजकुमार मौर्य ने बुधवार को कांग्रेस भवन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार छात्रों को उनके भविष्य को संवारने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
डॉ. मौर्य ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में लगातार हो रही गड़बड़ियों के कारण अनेक छात्र मानसिक तनाव और अवसाद का शिकार हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में एक के बाद एक प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होते रहे, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी रही। उनके अनुसार पिछले 12 वर्षों में 23 राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं, जो शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं में व्यापक सुधार के लिए सुझाव एकत्रित करने तथा युवाओं की आवाज को मजबूत करने के उद्देश्य से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोटा से एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान देशभर के छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए उन्हें न्याय दिलाने का कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करती रहेगी। जब तक शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होता और छात्रों के हित सुरक्षित नहीं किए जाते, तब तक कांग्रेस इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी तथा भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के सामने उजागर करती रहेगी।
प्रेस वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी शिव कुमार दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्रा, अरुण प्रताप डिम्पल सिंह, शुक्ला प्रसाद शुक्ला, विनय त्रिपाठी, अब्दुल मुजीब, संतोष सिंह, अरविंद शुक्ला, अनिल कुमार कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

6 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *