चार वर्षों की प्रतीक्षा हुई पूरी, पूज्य राजन जी महाराज की श्रीराम कथा शुरू
सरयू जल से निकली भव्य कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कथा का शुभारंभ

प्रदीप मिश्रा, वरिष्ठ संवाददाता
Gonda News
गोंडा। कटरा बाजार विकासखंड के पेड़ीबरा स्थित सम्मय माता मंदिर परिसर में शनिवार से पूज्य राजन जी महाराज की नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ हो गया। चार वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आयोजित हो रही इस धार्मिक कथा को लेकर क्षेत्र ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों में भी श्रद्धालुओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। कथा के पहले दिन करनैलगंज के सरयू नदी घाट से निकली विशाल कलश यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे मार्ग में जय श्रीराम और धार्मिक नारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सुबह से ही करनैलगंज स्थित सरयू घाट पर श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया था। महिलाएं सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचीं, जबकि युवाओं और बुजुर्गों ने भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। प्रख्यात कथावाचक राजन जी महाराज स्वयं सरयू घाट पहुंचे और विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर सरयू जल भरा गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक ध्वनियों के बीच भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ।
यह यात्रा करनैलगंज से कटरा बाजार और रामपुर मार्ग होते हुए पेड़ीबरा स्थित कथा स्थल तक पहुंची। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई स्थानों पर शीतल जल, शरबत और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई थी। यात्रा में शामिल भक्त ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ झूमते नजर आए।
कथा स्थल पर पहुंचने के बाद विशाल पंडाल में वैदिक आचार्यों द्वारा पूजन और मंत्रोच्चार कराया गया। इसके बाद पूज्य राजन जी महाराज ने श्रीराम कथा का शुभारंभ करते हुए भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, संयम और सद्भाव का संदेश देने का माध्यम है। कथा सुनने से मन को शांति और जीवन को सही दिशा मिलती है।
आयोजन समिति के पदाधिकारी ब्लॉक प्रमुख भवानी भीख शुक्ल ने बताया कि इस कथा आयोजन के लिए वर्ष 2022 में ही बुकिंग कराई गई थी। चार वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अब यह आयोजन संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों में कथा को लेकर लंबे समय से उत्सुकता थी और अब आयोजन शुरू होने से श्रद्धालुओं में अपार खुशी है।
उन्होंने बताया कि कथा में देवीपाटन, बस्ती, अयोध्या और लखनऊ मंडल सहित आसपास के कई जनपदों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। करीब एक लाख 25 हजार श्रद्धालुओं को आमंत्रण भेजा गया है। कई जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों और धार्मिक हस्तियों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। विशाल पंडाल में बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा सहायता, पार्किंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्वयंसेवकों की टीमें भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा में लगी हुई हैं।
पूरे क्षेत्र में कथा आयोजन को लेकर धार्मिक और उत्सवी माहौल बना हुआ है। बाजारों और मुख्य मार्गों को सजाया गया है तथा जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं। कथा का आयोजन 11 मई तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
आयोजन के दौरान शंकर भगवान शुक्ल, राघव शुक्ल सहित आयोजन समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।

Post Views: 37