अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर महर्षि विद्या मंदिर से श्रम सम्मान का संदेश

उत्तर प्रदेश गोंडा
अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर महर्षि विद्या मंदिर में श्रम सम्मान का संदेश, कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोंडा। महर्षि शिक्षण संस्थान की इकाई महर्षि विद्या मंदिर, जानकी नगर गोंडा में अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर गुरुवार को जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए श्रमिकों के योगदान और उनके महत्व को रेखांकित किया। पूरे विद्यालय परिसर में श्रम के सम्मान और स्वच्छता का संदेश दिखाई दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि किसी भी समाज और संस्था की प्रगति में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। बच्चों ने श्रम को सम्मान देने और प्रत्येक कार्य को समान दृष्टि से देखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कई विद्यार्थियों ने श्रमिकों के जीवन, संघर्ष और योगदान पर आधारित विचार भी व्यक्त किए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने विद्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पुष्प-गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की स्वच्छता, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने में कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि श्रमिक वर्ग अपना दायित्व न निभाए तो किसी भी संस्था का संचालन सुचारु रूप से संभव नहीं हो सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से श्रमिकों के प्रति सम्मान की भावना रखने और उनके कार्यों को महत्व देने की अपील की।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पोस्टर, बैनर एवं स्लोगन के माध्यम से श्रम की गरिमा और श्रमिकों के अधिकारों को लेकर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। विद्यालय परिसर में बच्चों ने हाथों में झाड़ू और अन्य सफाई उपकरण लेकर साफ-सफाई अभियान भी चलाया। विद्यार्थियों ने श्रमदान कर यह संदेश दिया कि कोई भी कार्य छोटा नहीं होता और स्वच्छता हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापिकाओं नलिनी बाजपेई और लतिका पाठक की विशेष भूमिका रही। शिक्षकों ने बच्चों को श्रमिक दिवस के इतिहास, महत्व और सामाजिक योगदान के बारे में जानकारी दी। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।


अंत में प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक संवेदनशीलता और श्रम के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

6 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *