महर्षि विद्या मंदिर जानकी नगर में श्रद्धा व उल्लास के साथ मना महर्षि ज्ञान युग दिवस
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता*

Gonda News
गोण्डा। महर्षि शिक्षण संस्थान की इकाई महर्षि विद्या मंदिर समूह, भारत के अंतर्गत संचालित महर्षि विद्या मंदिर, जानकी नगर गोण्डा में सोमवार को विश्वविख्यात योगगुरु महर्षि महेश योगी का 109वां जन्मदिवस महर्षि ज्ञान युग दिवस महोत्सव के रूप में श्रद्धा, साधना और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी के माध्यम से विश्व शांति, मानसिक संतुलन और मानवीय मूल्यों के प्रसार का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा द्वारा महर्षि महेश योगी एवं गुरु परंपरा के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके उपरांत वैदिक परंपरा के अनुसार गुरु-पूजन, गुरु-वंदना, सामूहिक प्राणायाम और ध्यान का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में वृहद स्तर पर हवन एवं पूजन संपन्न कराया गया, जिसमें विश्व शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की गई।
इस अवसर पर छात्राओं अपूर्वा मिश्रा और तृप्ति शुक्ला ने महर्षि महेश योगी के जीवन, उनके विचारों, साधना पद्धति और वैश्विक योगदान पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार महर्षि महेश योगी ने ध्यान और चेतना विज्ञान के माध्यम से विश्व को शांति और सकारात्मक ऊर्जा का मार्ग दिखाया।
प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि महेश योगी के विचार आज के वैज्ञानिक युग में भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि विज्ञान और अध्यात्म के समन्वय से ही मानव जीवन में संतुलन और समाज में शांति स्थापित की जा सकती है। महर्षि महेश योगी ने ध्यान को जनसामान्य से जोड़कर विश्व स्तर पर भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपरा को नई पहचान दिलाई।
विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक सुरेश नारायण द्विवेदी और विवेक पांडे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महर्षि महेश योगी का चिंतन न केवल व्यक्ति के चरित्र निर्माण में सहायक है, बल्कि समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से महर्षि महेश योगी के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने और आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावकगण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार का सक्रिय योगदान रहा। विद्यालय की पाठ्य सहगामी एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की प्रभारी लतिका पाठक और नलिनी बाजपेई की भूमिका सराहनीय रही।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों को प्रसाद और मिष्ठान वितरित किया गया। इस प्रकार ध्यान, साधना और शांति के संदेश के साथ महर्षि ज्ञान युग दिवस महोत्सव का गरिमामय समापन हुआ।
