वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सेवा की बच्चों ने ली शपथ
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर गुरुवार को महानिदेशक, बेसिक शिक्षा के निर्देश पर विकासखंड झंझरी के प्राथमिक विद्यालय जेनी पकड़िया में कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय में बच्चों को परिवार और समाज के वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, सेवा और संवेदनशीलता का भाव रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक आजाद बेग ने बच्चों को उनके दादा-दादी, नाना-नानी तथा घर और आसपास रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं सेवा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज के अनुभवों के धनी होते हैं। उनके अनुभवों से बच्चों को जीवन के महत्वपूर्ण संस्कार और सीख मिलती है। इसलिए बच्चों को बुजुर्गों के प्रति सदैव सम्मान और सहयोग का भाव रखना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों के घर के वरिष्ठ नागरिक राजमणि तिवारी और मोहम्मद रशीद को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर वरिष्ठ नागरिकों ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में भी बुजुर्गों के प्रति आदर और सेवा की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।
विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि पारिवारिक संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों से भी जोड़ते हैं। वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
कार्यक्रम में सहायक अध्यापिका पूजा सिंह गौर और सहायक अध्यापक फौजदार सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
