महिला आयोग की सदस्य रितु शाही ने की महिलाओं सुनवाई

अयोध्या गोंडा
महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने सुनीं महिलाओं की समस्याएं, 15 शिकायतों के निस्तारण के दिए निर्देश
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली, 14 मेधावी बेटियों को मिली स्टडी टेबल व शैक्षिक सामग्री
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने शुक्रवार को गोण्डा पहुंचकर सर्किट हाउस में महिला जनसुनवाई की। इस दौरान घरेलू हिंसा, आवास, साफ-सफाई, पुलिस संबंधी मामले, जमीन विवाद और राशनकार्ड सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े कुल 15 प्रकरण सामने आए। आयोग की सदस्य ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ऋतु शाही ने कहा कि महिलाओं का उत्पीड़न रोकना और उन्हें न्याय दिलाना महिला आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिला संबंधी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या संवेदनहीनता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें समय से न्याय मिल सके। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक महिला को सुरक्षा, सम्मान और न्याय उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
इससे पूर्व सरयू प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर बाल विवाह के खिलाफ समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कक्षा छह से 12 तक की 14 मेधावी छात्राओं को स्टडी टेबल, डस्टर और मार्कर वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऋतु शाही ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास में बड़ी बाधा है। इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। बेटियों को शिक्षा के समान अवसर देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सामूहिक दायित्व है। उन्होंने उपस्थित लोगों को बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ दिलाई। साथ ही आमजन से इस सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होकर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने की अपील की।
जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह करने और कराने पर कानून के तहत दंड एवं विधिक कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने लोगों से बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूक रहने और अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। वहीं, विद्यालय की प्रधानाचार्य गिरजा मिश्रा ने आयोग की सदस्य के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी अनीता यादव, संरक्षण अधिकारी चन्द्रमोहन वर्मा, सेंटर मैनेजर चेतना सिंह, डिस्ट्रिक्ट मिशन कोआर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव, जेंडर स्पेशलिस्ट राजकुमार आर्य, परियोजना समन्वयक नीतू त्रिपाठी, अपराजिता सामाजिक समिति की निदेशक किरन वैश्य, कार्यक्रम प्रबंधक अभय पाण्डेय सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

.

.

.

.

9 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *