सोनबरसा स्कूल में बाल दिवस पर हुए विविध आयोजन

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
बाल दिवस पर सोनबरसा स्कूल में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, पुरस्कार पाकर खिले चेहरे
खेलकूद और रचनात्मक प्रतियोगिताओं में बच्चों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा, सभी प्रतिभागियों को उपहार देकर किया गया सम्मानित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को कम्पोजिट विद्यालय सोनबरसा, बक्सरा आज्ञाराम, मनकापुर में हर्षोल्लास के साथ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने खेलकूद, मनोरंजक गतिविधियों और रचनात्मक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, अन्य सभी बच्चों को भी उपयोगी उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद बच्चों ने केक काटकर बाल दिवस की खुशियां साझा कीं और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। विद्यालय परिसर पूरे दिन बच्चों की हंसी-खुशी और उत्साह से गुलजार रहा।
बाल दिवस के उपलक्ष्य में बच्चों के मनोरंजन और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए कई रोचक खेल एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें पुट्टामारो, कभी न हारो, कुर्सी दौड़, मुर्गा लड़ान, कूदो-कूदो और पोस्टर बनाओ-इनाम पाओ जैसी गतिविधियां प्रमुख रहीं। प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। खासकर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में बच्चों की रचनात्मक सोच देखने को मिली, वहीं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उनकी सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी रोचक बना दिया।
प्रतियोगिताओं के समापन पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को विशेष पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही किसी भी बच्चे को पुरस्कार से वंचित न रखते हुए सभी प्रतिभागियों को लेखनी, कॉपी, गेंद सहित अन्य उपयोगी उपहार वितरित किए गए। शिक्षिका शताब्दी वर्मा ने बच्चों को लड्डू वितरित कर बाल दिवस की खुशियां दोगुनी कर दीं।
कार्यक्रम में राज बाबू, जिगर, चांदनी, अंशू, आकृति, अजीत, अंकित, जान्हवी, माधुरी, प्रिंस, राज कुमार, विनोद, संजय, अमरजीत, कुसुम, पारुल, सलमा, दूधनाथ, गुंजा, सुमन, रीतिका, अंजली और शिवकुमारी सहित अन्य बच्चों का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक आलोक कुमार, बलजीत सिंह कनौजिया, शताब्दी वर्मा, अरुण कुमार सिंह, पूनम वर्मा, सुरेश कुमार, चित्रावली मौर्य एवं अनुराधा मिश्रा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों के सफल संचालन में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेलकूद के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का एक खास आकर्षण यह भी रहा कि इसी दिन विद्यालय के दो बच्चों अनुज कुमार और शुभम् का जन्मदिन भी था। बाल दिवस के इस विशेष अवसर पर दोनों बच्चों का स्वागत किया गया और उन्हें उपहार भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं।
पूरे दिन चले इस आयोजन ने बच्चों के लिए बाल दिवस को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आपसी सहयोग, सहभागिता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर मिला।
.
.
.
.
.
9 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *