महर्षि विद्या मंदिर में रही दीपोत्सव की धूम, रंगोली प्रतियोगिताएं हुईं

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा गोरखपुर
महर्षि विद्या मंदिर में दीपोत्सव की धूम, दीया सज्जा और रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
लक्ष्मी पूजन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ, आकर्षक रंगोलियों और सजे-धजे दीपों से रोशन हुआ विद्यालय परिसर
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। महर्षि विद्या मंदिर स्कूल में दीपावली पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में दीपोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने दीया सज्जा और रंगोली प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और भारतीय संस्कृति के प्रति अपनी अभिरुचि का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने मां लक्ष्मी के पूजन और आरती के साथ किया। इसके बाद विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए दो प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कक्षा दो से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए दीया डिजाइन प्रतियोगिता रखी गई, जिसमें नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल से साधारण दीपों को आकर्षक रंगों और डिजाइनों से सजाया। वहीं कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों ने रंगोली प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने रंगों के सुंदर संयोजन और आकर्षक आकृतियों के जरिए मनमोहक रंगोलियां बनाईं।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यालय परिसर दीपों की रोशनी और रंग-बिरंगी रंगोलियों से सजकर दीपावली के उल्लास में सराबोर नजर आया। आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही भारतीय त्योहारों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी प्रदान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीसीए प्रभारी पूजा पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में सभी गतिविधियां सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका पूर्णिमा शुक्ला, ज्योति मिश्रा, नलिनी बाजपेई और मालिनी श्रीवास्तव ने निभाई। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति, मेहनत और रचनात्मक सोच की सराहना की।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने सभी विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार हमारी संस्कृति और परंपराओं के संवाहक हैं। विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहकर सकारात्मक सोच, रचनात्मकता और आपसी सद्भाव को जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों और आयोजकों की भी सराहना की।

.

.

.

.

.

.

.

.

.

.

.

12 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *