समूह आधारित खेती से कम लागत में बढ़ेगा किसानो का मुनाफा

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
समूह आधारित खेती से कम लागत में बढ़ेगा मुनाफा, किसानों को किया जागरूक
तुलसीपुर में एफपीजी गठन अभियान, दलहनी फसलों की खेती और कम जुताई से गेहूं की बुवाई पर दिया जोर
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा । उत्तर प्रदेश सरकार और परियोजना समन्वय इकाई (यूपी डास्प) के संयुक्त तत्वावधान में विश्व बैंक से वित्तपोषित यूपी एग्रीज परियोजना के अंतर्गत गुरुवार को परसपुर विकासखंड के चयनित ग्राम तुलसीपुर में फार्मर प्रोड्यूसर ग्रुप (एफपीजी) गठन एवं कृषक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ उप प्रबंधक (कृषि), गोंडा अमिताभ श्रीवास्तव ने किसानों को समूह आधारित खेती अपनाने, कृषि लागत कम करने और उत्पादन के माध्यम से आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता अभियान के दौरान किसानों को बताया गया कि समूह बनाकर खेती करने से कृषि कार्यों में आपसी सहयोग बढ़ता है। किसान सामूहिक रूप से कृषि संसाधनों का उपयोग कर लागत कम करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में काम कर सकते हैं। इसके लिए समूह में आपसी समन्वय, पारदर्शिता और सामूहिक उत्तरदायित्व बनाए रखना जरूरी है। किसानों ने इन सिद्धांतों के आधार पर समूह के कार्यों को संचालित करने पर सहमति जताई।
दलहनी फसलों से मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञता के आधार पर किसानों को दलहनी फसलों की खेती के लाभ बताए गए। अमिताभ श्रीवास्तव ने बताया कि दलहनी फसलें मिट्टी में नाइट्रोजन की उपलब्धता बढ़ाने में सहायक होती हैं। इससे मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और टिकाऊ खेती को प्रोत्साहन देने में मदद मिलती है। किसानों को फसल चक्र में दलहनी फसलों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही गेहूं की बुवाई में मिट्टी की कम से कम जुताई करने की तकनीक अपनाने पर जोर दिया गया। बताया गया कि न्यूनतम भूपरिष्करण के साथ बुवाई करने से मिट्टी की संरचना को बनाए रखने और उसमें कार्बन संचय को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है। ऐसी कृषि पद्धतियां खेती की लागत कम करने के साथ मृदा संरक्षण की दिशा में भी उपयोगी हैं।
मक्का के बेहतर उत्पादन से किसानों में खुशी
यूपी एग्रीज परियोजना के अंतर्गत खरीफ सीजन में लाभान्वित किसानों ने मुफ्त वितरित किए गए मक्का बीज की प्रजाति पीएसी-751 से बेहतर उत्पादन होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। किसानों ने बताया कि इस प्रजाति से प्राप्त उत्पादन उनके लिए उत्साहजनक रहा है। उन्होंने परियोजना के माध्यम से मिल रहे लाभों के प्रति आभार जताया।
किसानों ने कहा कि कृषि संबंधी योजनाओं, उन्नत बीजों और जागरूकता कार्यक्रमों से उन्हें खेती में नई तकनीकों को अपनाने का अवसर मिल रहा है। समूह आधारित खेती के माध्यम से भी किसान आपसी अनुभव साझा कर सकते हैं और कृषि कार्यों को अधिक व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ा सकते हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ उप प्रबंधक (कृषि) अमिताभ श्रीवास्तव के साथ सार्थक पटेल, चन्दन तिवारी तथा यूपी एग्रीज परियोजना के अंतर्गत खरीफ सीजन में लाभान्वित ग्राम तुलसीपुर के किसान मौजूद रहे। अभियान का उद्देश्य किसानों को संगठित कर सामूहिक प्रयासों, उन्नत कृषि पद्धतियों और टिकाऊ खेती के प्रति जागरूक करना रहा।
9 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *