शिक्षा में नवाचार के लिए विनय सिंह बिसेन को मिला ‘एडु लीडर्स अवार्ड–2026’
स्मार्ट क्लास, डिजिटल तकनीक, एआई आधारित गतिविधियों और प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण के जरिए ग्रामीण बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की पहल
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा, संवाददाता। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, डिजिटल तकनीक के प्रभावी प्रयोग और ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जोड़ने के उल्लेखनीय प्रयासों के लिए कंपोजिट विद्यालय मुजेड़, विकासखंड बेलसर के शिक्षक विनय कुमार सिंह बिसेन को प्रतिष्ठित ‘एडु लीडर्स अवार्ड–2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पांच अक्टूबर को के. एम. यूनिवर्सिटी, मथुरा में आयोजित एडु लीडर्स सम्मान समारोह में प्रदान किया गया। सम्मान मिलने पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
विनय कुमार सिंह बिसेन लंबे समय से विद्यालय में परंपरागत शिक्षण पद्धति के साथ आधुनिक तकनीक और नवाचारों को जोड़कर बच्चों के सीखने के अनुभव को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके प्रयासों के तहत विद्यालय में स्मार्ट कक्षा, सूचना एवं संचार तकनीक (आईसीटी), डिजिटल शिक्षण सामग्री, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित गतिविधियों, विज्ञान एवं गणित के प्रयोग तथा परियोजना आधारित शिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान विकसित करना ही नहीं, बल्कि उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता, जिज्ञासा और रचनात्मक सोच विकसित करना भी है।
विद्यालय से समुदाय तक पहुंच रही डिजिटल शिक्षा
विनय सिंह बिसेन के नवाचारों में ‘रात्रि किरण’ कार्यक्रम विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है। ग्रामीण परिवेश में रात्रि प्रहर के दौरान आयोजित इस पहल के माध्यम से डिजिटल जागरूकता और तकनीकी शिक्षा को विद्यालय की चारदीवारी से बाहर ग्रामीण समुदाय तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके जरिए बच्चों और ग्रामीणों को डिजिटल संसाधनों, नई तकनीकों और ज्ञान के विभिन्न माध्यमों से परिचित कराने की पहल की गई।
‘ग्रामीण डिजिटल भारत’ की भावना को धरातल तक पहुंचाने के उद्देश्य से चल रही इस पहल के माध्यम से ग्रामीण बच्चों को डिजिटल युग की संभावनाओं से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। ‘हर बच्चे तक डिजिटल शिक्षा’ की सोच को साकार करने की दिशा में किए जा रहे इन प्रयासों की एडु लीडर्स टीम की ओर से सराहना की गई।
सम्मान को बताया सामूहिक उपलब्धि
अवार्ड मिलने के बाद विनय कुमार सिंह बिसेन ने के. एम. यूनिवर्सिटी, मथुरा और एडु लीडर्स टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि विद्यालय के विद्यार्थियों, अभिभावकों, सहकर्मियों और पूरे जनपद गोंडा के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी डिजिटल तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और शैक्षिक नवाचारों का उपयोग करते हुए ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे। उनका लक्ष्य तकनीक को केवल कक्षा तक सीमित न रखकर उसे बच्चों और समुदाय के सीखने का प्रभावी माध्यम बनाना है।
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996