राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने माल्यार्पण कर किया नमन*
*सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वच्छता एवं जनसेवा के आदर्शों को आत्मसात करने का लिया संकल्प*
*देशभक्ति गीत प्रस्तुत करने वाली राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं को मण्डलायुक्त ने वितरित की स्टडी टेबल*
*‘रघुपति राघव राजा राम’ के गायन से गूंजा महाराजा सुहेलदेव सभागार*
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा, 02 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती आयुक्त कार्यालय में श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मण्डलायुक्त देवीपाटन मण्डल दुर्गा शक्ति नागपाल ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किया कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
मण्डलायुक्त ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता एवं जनसेवा के आदर्शों का प्रतीक है। उन्होंने सत्य और अहिंसा के माध्यम से पूरे विश्व को शांति एवं मानवता का संदेश दिया। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी प्रत्येक नागरिक को देशहित एवं जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि गांधी जी का स्वच्छता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक दायित्व है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
मण्डलायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
गांधी जी के विचारों को व्यवहार में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि
मण्डलायुक्त ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन हमें समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचारों को केवल स्मरण करने तक सीमित न रखते हुए उन्हें अपने आचरण एवं कार्यशैली में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा शासन की मंशा के अनुरूप जनहित में कार्य करने का आह्वान किया।
*देशभक्ति गीतों से गूंजा महाराजा सुहेलदेव सभागार*
कार्यक्रम के दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत एवं ‘रघुपति राघव राजा राम’ का भावपूर्ण गायन प्रस्तुत किया गया। छात्राओं की प्रस्तुति से महाराजा सुहेलदेव सभागार देशभक्ति एवं राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा। मण्डलायुक्त ने छात्राओं की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
*छात्राओं को वितरित की गईं स्टडी टेबल*
देशभक्ति गीत प्रस्तुत करने वाली राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं को मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्टडी टेबल वितरित कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता, सत्य, अहिंसा, सादगी, सद्भाव एवं जनसेवा के मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अपर आयुक्त न्यायिक, संयुक्त विकास आयुक्त, कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राएं एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
