नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं में बांटे गए नियुक्ति पत्र

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
करीब 70 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को विधायक अजय सिंह ने बांटे नियुक्ति पत्र
कहा—महिलाओं को रोजगार से जोड़ना और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

कर्नैलगंज/परसपुर, गोंडा। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के कर्नैलगंज और परसपुर विकासखंडों के आंगनबाड़ी केंद्रों पर नवचयनित करीब 70 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को गुरुवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह ने नवचयनित सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। नियुक्ति पत्र पाकर नवचयनित सहायिकाओं के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। इस दौरान परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, सीडीपीओ दुर्गेश गुप्ता की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में नगर पालिका के चेयरमैन प्रतिनिधि सेवक जी की मौजूदगी रही। इस दौरान विधायक अजय सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। आंगनबाड़ी सहायिकाओं की नियुक्ति से न केवल बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार मिला है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को भी और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी केंद्रों की अहम जिम्मेदारी है। ऐसे में नवचयनित सहायिकाओं को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

विधायक ने कहा कि सरकार की ओर से समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जरूरत इस बात की है कि पात्र लोगों को इन योजनाओं की जानकारी हो और उन्हें योजनाओं का समय से लाभ मिले। उन्होंने नवचयनित सहायिकाओं से भी अपने कार्यक्षेत्र में लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने तथा पात्र लाभार्थियों तक सरकारी सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने युवाओं और महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही विभिन्न विभागों में चयन प्रक्रिया के माध्यम से लोगों को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक एवं सामाजिक भागीदारी बढ़ने से परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं।

कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी कर्नैलगंज नीतू रावत और बाल विकास परियोजना अधिकारी परसपुर साधना साहू ने नवचयनित सहायिकाओं को उनके दायित्वों और विभागीय कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। केंद्र पर आने वाले बच्चों की देखभाल, साफ-सफाई, पोषण संबंधी गतिविधियों में सहयोग तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है।

कार्यक्रम में मुख्य सेविका तृप्ति पांडेय, कर्नैलगंज की मुख्य सेविका विभा वर्मा, मालती सिंह समेत बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों ने नवचयनित सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

नियुक्ति पत्र मिलने के बाद नवचयनित सहायिकाओं ने सरकार और विभागीय अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण है। करीब 70 महिलाओं को एक साथ नियुक्ति पत्र मिलने से दोनों विकासखंडों में खुशी का माहौल रहा।

 

9 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *