डीपीओ पर कार्रवाई के लिए तरबगंज विधायक ने डीएम को लिखा पत्र
अभद्र एवं असंसदीय भाषा के प्रयोग का उत्तर प्रदेश ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने लगाया है आरोप, विधायक से मिलकर कार्रवाई की सफाई नेताओं ने उठाई मांग
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) पर कथित रूप से अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय से सफाई नेताओं ने मुलाकात की और और एक ज्ञापन सौंपा जिसमें डीपीओ की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की। ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने मामले को गंभीर बताते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली के तहत कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है।
विधायक ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा है कि डीपीओ द्वारा जिला पंचायत राज अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति कथित तौर पर अमर्यादित एवं असंसदीय भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने पत्र में उप्र पंचायतीराज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी की ओर से दिए गए शिकायती पत्र का भी हवाला दिया है।
विधायक का कहना है कि लोक सेवक का ऐसा आचरण उच्च नैतिक आचरण एवं पद की गरिमा के विपरीत है। इस तरह की भाषा के प्रयोग से पूरे विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश और मनोबल में गिरावट की स्थिति उत्पन्न हुई है।
उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक विधिक एवं विभागीय कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया है। विधायक की ओर से की गई इस शिकायत के बाद संबंधित विभाग में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।