परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लगा वृहद स्वास्थ्य मेला
सीएचसी पंडरी कृपाल में सीएमओ ने फीता काटकर किया शुभारंभ, टीबी मरीजों को बांटी पोषण पोटली और गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा। विशेष परिवार नियोजन सेवा दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरी कृपाल में वृहद स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी संत लाल ने फीता काटकर किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जहां पहुंचने वाले लोगों को स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन से जुड़ी सेवाओं की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य मेले में परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने परिवार नियोजन के साधनों, उनके उपयोग, लाभ तथा इन्हें प्राप्त करने के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया। दंपतियों को परिवार को नियोजित रखने और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का समय से लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
मेले के दौरान टीबी मरीजों को पोषण पोटली का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी मरीजों के उपचार के साथ-साथ उनके पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई। वहीं गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराते हुए उन्हें गर्भावस्था के दौरान खानपान, नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श के महत्व की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य मेले में विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से आमजन को विभाग की ओर से संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों की समस्याओं को सुनते हुए आवश्यक परामर्श दिया और पात्र लोगों को उपलब्ध सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ ही लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करना है। परिवार नियोजन अपनाने से परिवार के स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जीवन स्तर में सुधार लाने में मदद मिलती है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं से जुड़ने और उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का संदेश दिया गया। इस दौरान कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतलाल पटेल द्वारा किया गया जिसमें उपस्थित उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जी0 एम0 चिश्ती, डॉ सुशील एवं अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरी कृपाल डॉ बिजेंद्र गौतम , डॉ. तरुण , डॉ. आशीष, डॉ. विकास, डॉ पल्लवी, डॉ अजय ,काजी नासेरुल हक, किरन, अनुराग, राजेश, जितेंद्र,जगदीश,ए0एन0म0,सी0एच0ओ0 ,आशा, संगिनी, पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ ऑल इंडिया से मोहम्मद शरीफ और बलबीर सभी कर्मचारी गण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरी कृपाल के मौजूद रहे।