शिक्षक समाज का पथ प्रदर्शक और राष्ट्र निर्माता : राधा मोहन पांडेय
तकनीक के दौर में भी शिक्षक की भूमिका महत्वपूर्ण, ज्ञान को संस्कार और सूचना को चरित्र में बदलने का काम गुरु ही करता है : रामचंद्र
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के सभागार में जिला विद्यालय निरीक्षक रामचंद्र के संयोजन में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष राधा मोहन पांडेय ने की, जबकि मुख्य अतिथि संगठन के मंडलीय अध्यक्ष अजीत सिंह रहे। कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक रामचंद्र ने कहा कि शिक्षक दिवस महान शिक्षाविद एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। शिक्षक वह दीपक है, जो स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देता है। उन्होंने कहा कि आज तकनीकी युग में गूगल पर हर जानकारी उपलब्ध है, बावजूद इसके शिक्षक की भूमिका कम होने के बजाय और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। किताबें ज्ञान और इंटरनेट सूचना दे सकता है, लेकिन ज्ञान को संस्कार तथा सूचना को चरित्र में बदलने का कार्य केवल शिक्षक ही कर सकता है।
मुख्य अतिथि अजीत सिंह ने कहा कि समाज में गुरु का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है। तकनीक कितनी भी विकसित क्यों न हो जाए, वह कभी गुरु का स्थान नहीं ले सकती। जिला अध्यक्ष राधा मोहन पांडेय ने कहा कि शिक्षक समाज का पथ प्रदर्शक और राष्ट्र निर्माता होता है। माध्यमिक शिक्षकों की समस्याओं को संगठन प्राथमिकता के आधार पर उठा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस शिक्षकों के सम्मान के साथ-साथ उनकी एकजुटता का भी अवसर है।
जिला मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षक दिवस शिक्षकों को उनके दायित्वों की याद दिलाता है। शिक्षक के बिना शिक्षा अधूरी है और संगठन सदैव शिक्षकों के हितों के लिए खड़ा रहेगा। प्रधानाचार्य परिषद के जिला मंत्री सहदेव सिंह ने कहा कि शिक्षक ही विद्यालय को संस्कारशाला का स्वरूप प्रदान करता है। शिक्षक में अनुशासन और समर्पण होगा, तभी विद्यार्थियों में चरित्र का निर्माण संभव है। कार्यक्रम को डॉ. संत शरण त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। संचालन शिक्षक अशोक कुमार ने किया।
इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक रामचंद्र ने मंडलीय अध्यक्ष अजीत सिंह, जिला अध्यक्ष राधा मोहन पांडेय, जिला मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, प्रधानाचार्य परिषद के जिला मंत्री सहदेव सिंह, प्रधानाचार्य गिरिजा मिश्रा, संत शरण तिवारी, डॉ. शिवानंद, राजेंद्र प्रताप सिंह, प्रवक्ता राकेश कुमार शुक्ला, डॉ. पदमनाथ पांडेय और शिक्षक पवन त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षकों को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र प्रदान करते हुए सम्मानित किया।
समारोह में प्रधानाचार्य उपमा वर्मा, राजेश कुमार सिंह, अखंड प्रताप सिंह, जितेंद्र कुमार सोनी, दीपक चौबे, डॉ. सत्येंद्र सिंह, राजेंद्र नाथ मिश्र, राजकुमार यादव, सुनील कुमार, दिनेश वर्मा, अशोक सिंह आदि मौजूद रहे।