सम्पूर्ण समाधान दिवस में 121 शिकायतें, पांच का मौके पर निस्तारण
विधायक प्रतीक भूषण सिंह और डीएम प्रियंका निरंजन ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा, 5 सितम्बर। शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सदर गोण्डा में विधायक सदर प्रतीक भूषण सिंह और जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में तहसील सदर गोण्डा में कुल 121 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 116 प्रकरणों को निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण की आख्या समय से तहसील में उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यकता के अनुसार टीम गठित की जाए। टीम मौके पर जाकर स्थलीय जांच करे और जांच के दौरान दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनने के बाद निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से प्रकरण का निस्तारण सुनिश्चित करे।
उन्होंने विशेष रूप से अवैध अतिक्रमण, चकरोड, नाली, तालाब की भूमि की पैमाइश और अवैध कब्जे से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता को भी मौके पर बुलाकर उसकी उपस्थिति का लिखित उल्लेख करने तथा निस्तारण की प्रक्रिया की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लाभार्थियों को बांटे गए योजनाओं के प्रमाण पत्र
सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद विधायक और जिलाधिकारी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया। इस दौरान आंगनबाड़ी सहायिका के नियुक्ति पत्र, आवास की चाबी, क्षय रोगियों को पोषण पोटली, पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और पारिवारिक लाभ योजना के स्वीकृति पत्र समेत विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल, उपजिलाधिकारी सदर जीतेंद्र गौतम, तहसीलदार सदर मनीष कुमार, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी गोवर्धन जैन , जिला पूर्ति अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी माधवी पाण्डेय सीडीपीओ नीतू रावत, मुख्य सेविका लक्ष्मी यादव सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
