शास्त्री डिग्री कॉलेज में लगी योग ध्यान की क्लास

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
युवाओं के तन और मन को स्वस्थ रखने के लिए योग एवं अभ्यास आवश्यक : प्रो. जितेंद्र सिंह
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में छात्र-छात्राओं को स्वस्थ, तनावमुक्त और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर जितेंद्र सिंह ने कहा कि युवाओं के तन और मन को स्वस्थ रखने के लिए नियमित योग एवं शारीरिक अभ्यास बेहद आवश्यक है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखता है, बल्कि मानसिक तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रभारी प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से योग, व्यायाम एवं प्राणायाम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य गतिविधियों के दबाव के कारण युवाओं में तनाव बढ़ रहा है। ऐसे में योग और प्राणायाम को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखा जा सकता है।
योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का विधिवत अभ्यास कराया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को वृक्षासन, चक्रासन, ताड़ासन, कोणासन और त्रिकोणासन सहित विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया। इसके साथ ही भस्त्रिका, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम की सही विधि समझाई तथा ध्यान के माध्यम से मन को शांत और एकाग्र रखने का अभ्यास भी कराया।
योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे प्रतिदिन योग एवं प्राणायाम के लिए कुछ समय अवश्य निकालें। उन्होंने कहा कि योग को केवल किसी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित अभ्यास से शरीर में स्फूर्ति आती है, कार्यक्षमता बढ़ती है और मानसिक एकाग्रता भी मजबूत होती है।
योगाभ्यास के दौरान छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित रूप से योग करने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर और शांत मन ही बेहतर शिक्षा, बेहतर कार्यक्षमता और सफल जीवन की मजबूत आधारशिला हैं। डॉ रेखा शर्मा ने कार्यक्रम आयोजन में महती भूमिका निभाई।
5 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *