आबकारी महकमे ने छापेमारी कर तोड़ी कच्ची शराब की भट्ठियां

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने की बड़ी कार्रवाई, मौके से हुई कच्ची शराब की बरामदगी
तीन चढ़ी भट्ठियां और 300 किलो लहन नष्ट, दो आरोपी गिरफ्तार
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा, 26 अगस्त। कच्ची शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली नगर क्षेत्र के राधे पुरवा गांव में छापेमारी की। मुखबिर की सूचना पर की गई आकस्मिक दबिश के दौरान टीम ने मौके से 30 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इसके साथ ही अवैध रूप से शराब तैयार करने के लिए संचालित तीन चढ़ी भट्ठियां पकड़ी गईं, जबकि करीब 300 किलोग्राम लहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट कराया गया।
जिलाधिकारी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 एवं प्रवर्तन गोण्डा की संयुक्त टीम ने राधे पुरवा में संदिग्ध स्थान पर दबिश दी। टीम के पहुंचते ही अवैध शराब बनाने वालों में खलबली मच गई। तलाशी और जांच के दौरान मौके पर कच्ची शराब बनाने का सामान तथा तीन चढ़ी हुई भट्ठियां मिलीं। टीम ने भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए तैयार किए जा रहे लहन को नष्ट कराया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 एवं 60(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान रहेगा जारी : प्रगल्भ लवानिया
जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राधे पुरवा में आकस्मिक दबिश दी गई, जिसमें 30 लीटर कच्ची शराब बरामद करने के साथ तीन भट्ठियां और 300 किलो लहन नष्ट कराया गया तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जनपद में कहीं भी अवैध शराब का निर्माण या बिक्री पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल आबकारी विभाग अथवा संबंधित पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के तहत संदिग्ध गांवों और क्षेत्रों में लगातार निगरानी एवं आकस्मिक दबिश की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

12 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *