दो लाख घरों पर लहराएगा तिरंगा, हर घर तिरंगा अभियान शुरू
42 विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी, 13 से 15 अगस्त तक सरकारी भवनों पर फहरेगा राष्ट्रध्वज
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शासन के निर्देश पर जिले में 17 अगस्त तक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के दो लाख घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के जरिए लोगों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ देशभक्ति, राष्ट्रीय सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में 42 विभागों एवं संस्थाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार तैयारियां पूरी करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने के साथ ही अभियान की गतिविधियों का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
अभियान के तहत विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज विभाग को सबसे बड़ा एक लाख 25 हजार घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य दिया गया है। उद्यान विभाग व कोल्ड स्टोरेज को 6400, चिकित्सा विभाग व नगर निकायों को पांच-पांच हजार, वन विभाग को 4200, बेसिक शिक्षा विभाग को चार हजार, पुलिस व माध्यमिक शिक्षा विभाग को 3500-3500 तथा कृषि विभाग को 1800 झंडों का लक्ष्य दिया गया है।
अभियान के दौरान तिरंगा रैली, तिरंगा गोष्ठी, स्कूलों की दीवारों पर तिरंगा पेंटिंग, तिरंगा रथी कार्यशाला, तिरंगा मेला और संगोष्ठी समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों का भी उपयोग किया जाएगा।
देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर, निकली तिरंगा यात्रा
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर रविवार को शहर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक बावन सिंह की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों और हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
अभियान के तहत तिरंगा यात्रा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी निकाली जाएगी। लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।
13 से 15 अगस्त तक सरकारी भवनों पर फहरेगा तिरंगा
अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक जिले के सभी सरकारी भवनों, विद्यालयों और पुलिस थानों पर तिरंगा फहराया जाएगा। अधिकारियों को अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।