विरहमतपुर में सड़क धंसी, जलभराव से ग्रामीण बेहाल
नालियों के अभाव में सड़क बनी तालाब, घरों तक पहुंच रहा गंदा पानी; ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार
शिवपूजन पांडे, वजीरगंज
Gonda News
वजीरगंज। विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत विरहमतपुर में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से ग्रामीणों का जीवन कठिन हो गया है। बरसात के दौरान सड़क धंस जाने और उस पर पानी भर जाने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात यह हैं कि ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार मोहल्ले में नालियों का निर्माण न होने के कारण वर्षों से बारिश और गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है। बरसात के दिनों में सड़क पर करीब एक फुट तक पानी भर जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। जलभराव के चलते सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और कई स्थानों पर सड़क धंस गई है।
ग्रामीण वसीम अहमद, जावेद अहमद, अफसार अहमद, सिराज अहमद और मोहम्मद शाहिल ने बताया कि भारी बारिश होने पर गंदा पानी घरों में घुस जाता है, जिससे परिवारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क का पुनर्निर्माण कराने, पक्की नालियों का निर्माण कराने तथा जलभराव की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि बाजार सहित अन्य स्थानों पर आने-जाने के लिए भी गंदे पानी से होकर गुजरना मजबूरी बन गया है।
जलभराव के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से दवा का छिड़काव नहीं कराया गया, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
